फूलपुर सीएचसी में इलाज शुरू होने से पहले मरीज की मौत, ऑक्सीजन न मिलने का आरोप, हंगामा

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


परिजनों ने चिकित्सकों पर लगाया लापरवाही का आरोप, प्रशासनिक टीम ने शुरू की जांच, अधीक्षक बोले- मरीज की हालत पहले से थी गंभीर, अस्पताल में पर्याप्त ऑक्सीजन उपलब्ध

हिंदी न्यूज़ 24
फूलपुर/आजमगढ़। फूलपुर थाना क्षेत्र के छंगनपुर सदरुद्दीनपुर चौराहे के पास रहने वाले 42 वर्षीय राजू पुत्र सरबजीत की शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर में इलाज शुरू होने से पहले ही मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल के चिकित्सकों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि मरीज को समय से ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं कराई गई, जिससे उसकी हालत बिगड़ती गई। घटना की जानकारी के बाद प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
परिजनों के अनुसार, राजू की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उसे 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर लाया गया था। उनका आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद मरीज को तत्काल ऑक्सीजन की आवश्यकता थी, लेकिन समय पर ऑक्सीजन नहीं मिल सकी। इसी दौरान उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई और उपचार शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
मामले को लेकर परिजनों ने अस्पताल की व्यवस्था और चिकित्सकों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते मरीज को आवश्यक उपचार और ऑक्सीजन उपलब्ध करा दी जाती तो शायद उसकी जान बच सकती थी।
अधीक्षक ने आरोपों को बताया गलत
फूलपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. अखिलेश कुमार ने बताया कि अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन उपलब्ध है। परिजनों की ओर से ऑक्सीजन उपलब्ध न होने के आरोप के बाद तत्काल ऑक्सीजन व्यवस्था को चालू करके भी दिखाया गया।
अधीक्षक के अनुसार, मरीज पहले से ही गंभीर बीमारी से पीड़ित था और टीबी का इलाज चल रहा था। उसके फेफड़ों की स्थिति भी काफी खराब थी। चिकित्सकों के मुताबिक मरीज का पहले से इलाज और दवा चल रही थी तथा उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी।
उन्होंने बताया कि मरीज को बेड पर लिटाने के बाद उपचार शुरू किया जाना था, लेकिन उपचार शुरू होने से पहले ही उसकी मृत्यु हो गई।
घटना के बाद प्रशासनिक टीम द्वारा मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही मरीज की मौत के वास्तविक कारण और लगाए गए आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *