
देवगांव क्षेत्र के चिरकिहिट गांव के पास बुधवार को नहाते समय गहरे पानी में चला गया था बालक, शव मिलते ही स्वजन में मचा कोहराम
हिंदी न्यूज़ 24
बलरामपुर। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के चिरकिहिट (दुल्हीपुरा) गांव के पास बेसो नदी में बुधवार को डूबे 12 वर्षीय बालक अंश का शव गुरुवार सुबह कड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर लिया गया। सुबह करीब 9:30 बजे चौकी प्रभारी लालगंज रविंद्र पांडेय के साथ पहुंची एसडीआरएफ टीम ने नदी में तलाशी अभियान चलाया और बालक के शव को बाहर निकाला। शव बरामद होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

बताया गया कि बुधवार को अंश अपने बड़े भाई विकास (15) और गांव के अन्य बच्चों के साथ चिरकिहिट बेसो नदी पुल के पास नहाने गया था। अपराह्न करीब चार बजे नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। अंश को डूबता देखकर साथ मौजूद बच्चे घबरा गए। उसका बड़ा भाई विकास किसी तरह नदी से बाहर निकला और घर पहुंचकर स्वजन को घटना की जानकारी दी।
घटना की सूचना मिलते ही लालगंज सीओ भूपेश पांडेय, देवगांव कोतवाली प्रभारी सुनील कुमार सिंह, चौकी प्रभारी रविंद्र पांडेय, एसआई हरिश्चंद्र यादव समेत पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में बालक की तलाश शुरू की गई। देर शाम तक अभियान चलाया गया, लेकिन अंधेरा होने के कारण तलाशी रोकनी पड़ी।
गुरुवार सुबह एसडीआरएफ की टीम दोबारा मौके पर पहुंची और नदी में तलाशी अभियान शुरू किया। करीब 9:30 बजे टीम ने अंश का शव बरामद कर लिया। शव को बाहर निकाले जाने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
अंश दो भाइयों में छोटा था। बेटे का शव मिलने के बाद मां नीतू का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों का भी विलाप देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। हादसे के बाद से चिरकिहिट गांव में शोक का माहौल है।