आग लगने की स्थिति में बचाव और राहत कार्य के बताए तरीके, अग्निशमन उपकरणों के संचालन का कराया अभ्यास
आजमगढ़। थाना कोतवाली परिसर में शुक्रवार को अग्निशमन विभाग की टीम ने अग्निशमन सुरक्षा को लेकर मॉकड्रिल आयोजित की। महानिदेशक अग्निशमन तथा आपात सेवा के आदेश और मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देशन में आयोजित अभ्यास के दौरान पुलिसकर्मियों को आग लगने अथवा किसी अन्य आपात स्थिति में तत्काल और सुरक्षित तरीके से बचाव एवं राहत कार्य करने का प्रशिक्षण दिया गया।
मॉकड्रिल के दौरान अग्निशमन विभाग की टीम के नीरज कुमार दूबे और प्रकाश शाह ने थाना परिसर में स्थापित अग्निशमन उपकरणों का मौके पर संचालन कराकर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके सही एवं सुरक्षित इस्तेमाल की जानकारी दी। कर्मचारियों को बताया गया कि आपात स्थिति में किस तरह तत्परता से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया जाए और लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जाए।
अग्निशमन टीम ने आग से बचाव के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और राहत कार्य की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। पुलिसकर्मियों ने मॉकड्रिल में हिस्सा लेकर अग्निशमन उपकरणों के संचालन का अभ्यास किया।
इस दौरान थाना कोतवाली के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी तथा डायल-112 के कर्मचारी मौजूद रहे।