
निजामाबाद पुलिस ने असगड़ा मुस्तफाबाद चौक से पकड़ा आरोपी, वाहन में मिले खून के निशान, पूछताछ में अवशेष फेंकने की बात कबूली
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र में प्रतिबंधित पशु के वध के मामले में पुलिस ने विवेचना के दौरान प्रकाश में आए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बताई जा रही स्कॉर्पियो भी बरामद की है। वाहन की जांच के दौरान उसमें दुर्गंध और कई स्थानों पर खून के निशान मिले। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय भेज दिया।
मकान में वध और मांस बिक्री की सूचना पर पहुंची थी पुलिस
पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर 2026 को सूचना मिली थी कि ग्राम फरिहा निवासी जाहिद पुत्र मैनुद्दीन के मकान में प्रतिबंधित पशु का वध कर मांस बेचा जा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस को मौके से आरोपी नहीं मिले। तलाशी के दौरान तीन प्लास्टिक की बोरियों में रखा मांस, एक लोहे का चापड़, लकड़ी का ठीहा और इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद हुआ।
मौके पर फील्ड यूनिट और पशु चिकित्साधिकारी को बुलाकर आवश्यक जांच कराई गई। मांस का नमूना लेने के बाद शेष मांस का नियमानुसार निस्तारण कराया गया।
स्कॉर्पियो समेत आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में 10 अक्टूबर को थाना निजामाबाद में मुकदमा संख्या 259/2026 के तहत गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5/8 और आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
पुलिस के मुताबिक, 12 अक्टूबर को निरीक्षक जयप्रकाश यादव को सूचना मिली कि घटना से संबंधित स्कॉर्पियो ग्राम असगड़ा मुस्तफाबाद चौक पर खड़ी है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन चालक महफूज आजमी (28) पुत्र सब्बीर, निवासी ग्राम फरिहा, थाना निजामाबाद, को दोपहर करीब 12:30 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अवशेष फेंकने की बात बताई
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में महफूज आजमी ने बताया कि 9 अक्टूबर को उसने जाहिद के साथ मिलकर प्रतिबंधित पशु का वध किया था। इसके बाद अवशेषों को बोरियों में भरकर इसी स्कॉर्पियो से ले जाया गया और कूड़ाघर में फेंक दिया गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई विवेचना के आधार पर की जा रही है।