आजमगढ़ में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह: 536 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण आजमगढ़ शहर


प्रति जोड़ा एक लाख रुपये की सहायता, 534 जोड़ों का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह और दो मुस्लिम जोड़ों का निकाह संपन्न
डीएम रविन्द्र कुमार और सीडीओ राकेश कुमार पटेल ने नवदंपत्तियों को दिया आशीर्वाद, 16 अक्टूबर को होगा दूसरे चरण का आयोजन

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सोमवार को आजमगढ़ में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। सावित्री बाई फुले राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में आयोजित जनपद स्तरीय कार्यक्रम में कुल 536 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। इनमें 534 हिंदू जोड़ों का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह हुआ, जबकि दो मुस्लिम जोड़ों का निकाह धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया।
समारोह में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार और मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल समेत जनपदीय अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय एवं समृद्ध दाम्पत्य जीवन की कामना की। सरकार की ओर से आर्थिक सहायता और उपहार सामग्री उपलब्ध कराकर जरूरतमंद परिवारों को बेटियों के विवाह में सहयोग प्रदान किया गया।
प्रति जोड़ा एक लाख रुपये की सहायता से मिलेगी आर्थिक मजबूती
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर एवं पात्र परिवारों के लिए महत्वपूर्ण सहारा है। योजना के माध्यम से बेटियों का विवाह सम्मानजनक ढंग से संपन्न कराने के साथ परिवारों को आर्थिक संबल भी प्रदान किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत प्रति जोड़ा कुल एक लाख रुपये की व्यवस्था की गई है। इसमें 64 हजार रुपये कन्या के दाम्पत्य जीवन और गृहस्थी की स्थापना के लिए उसके खाते में अंतरित किए जाते हैं। इसके अतिरिक्त 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री दी जाती है, जबकि भोजन, पंडाल, फर्नीचर, पेयजल, बिजली और प्रकाश व्यवस्था सहित आयोजन संबंधी आवश्यकताओं पर 15 हजार रुपये प्रति जोड़ा व्यय किए जाते हैं।
डीएम ने बताया कि पूर्व में इस योजना के तहत प्रति जोड़ा 51 हजार रुपये की सहायता निर्धारित थी, जिसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया गया है। इससे पात्र परिवारों को विवाह के अवसर पर आर्थिक सहायता के साथ सम्मानजनक आयोजन की सुविधा मिल रही है।
11 विकास खंडों और नगरीय क्षेत्रों के लाभार्थी हुए शामिल
जिला समाज कल्याण अधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह ने बताया कि सामूहिक विवाह के प्रथम चरण में जनपद के विभिन्न ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों से चयनित कुल 536 जोड़ों का विवाह कराया गया।
ग्रामीण क्षेत्रों में महराजगंज, हरैया, बिलरियागंज, अजमतगढ़, कोयलसा, अतरौलिया, सठियांव, जहानागंज, पल्हनी, रानी की सराय और मोहम्मदपुर विकास खंडों के लाभार्थी शामिल हुए। वहीं, नगरीय क्षेत्रों से अतरौलिया, बिलरियागंज, बूढ़नपुर, महराजगंज, आजमगढ़, अजमतगढ़ और जीयनपुर के लाभार्थियों ने योजना का लाभ प्राप्त किया।
उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग देना और समाज में सामाजिक समरसता, समानता तथा सामूहिक सहभागिता की भावना को बढ़ावा देना है।
सामाजिक समरसता और समानता का प्रतीक है योजना: सीडीओ
मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने नवदंपत्तियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विवाह जीवन का पवित्र बंधन है। पति-पत्नी आपसी प्रेम, विश्वास, समर्पण और सहयोग के साथ नए जीवन की शुरुआत करते हैं तथा परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना केवल विवाह संपन्न कराने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, समानता और सामूहिक सहभागिता का प्रतीक भी है। इसके माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहायता मिलती है और बेटियों के विवाह को सम्मानजनक स्वरूप प्रदान किया जाता है।
सीडीओ ने नवविवाहित जोड़ों से आपसी प्रेम, सम्मान और विश्वास के साथ जीवन की नई पारी शुरू करने तथा पारिवारिक एवं सामाजिक जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की अपील की।
योजना का लाभ मिलने पर नवदंपत्तियों ने जताया आभार
समारोह के दौरान नवदंपत्तियों और उनके परिजनों में उत्साह का माहौल रहा। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह संस्कार और मुस्लिम जोड़ों के निकाह के साथ सभी 536 जोड़ों ने अपने नए जीवन की शुरुआत की।
सरकार की ओर से आर्थिक सहायता, उपहार सामग्री और व्यवस्थित आयोजन की सुविधा मिलने पर लाभार्थियों ने प्रसन्नता व्यक्त की। नवदंपत्तियों एवं उनके परिजनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बेटियों के विवाह में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान कर रही है।
16 अक्टूबर को होगा सामूहिक विवाह का दूसरा चरण
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जनपद में द्वितीय चरण का आयोजन 16 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। उन्होंने पात्र वर-वधुओं और उनके अभिभावकों से समय से आवेदन करने की अपील की।
पात्र लाभार्थी योजना के आधिकारिक पोर्टल www.cmsvy.upsdc.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों तक इसका लाभ पहुंचाया जाए और आवेदन संबंधी प्रक्रियाएं समयबद्ध ढंग से पूरी कराई जाएं।
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
समारोह में उप जिलाधिकारी सदर अविनाश गौतम, जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी हेमन्त सिंह, जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी शांत प्रकाश श्रीवास्तव, जिला युवा कल्याण अधिकारी सुल्तान सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।
सभी अधिकारियों ने नवदंपत्तियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखी, समृद्ध और मंगलमय भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *