आजादी की जंग में विश्वनाथ सिंह ने निभाई थी अहम भूमिका, पत्रकार वेद प्रकाश सिंह को भी किया गया याद

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण आजमगढ़ शहर


पुण्यतिथि पर निःशुल्क चिकित्सा शिविर में 1058 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण, पौध वितरण और श्रद्धांजलि सभा का आयोजन
आजमगढ़। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं मुबारकपुर के पूर्व विधायक स्व. विश्वनाथ सिंह तथा उनके पुत्र वरिष्ठ पत्रकार स्व. वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’ की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को विंध्य मैरिज लॉन में निःशुल्क चिकित्सा शिविर, पौध वितरण और श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दोनों विभूतियों के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके सामाजिक योगदान को प्रेरणादायी बताया गया।


निःशुल्क चिकित्सा शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का परीक्षण किया। डॉ. बीके चौहान ने 170, डॉ. चंद्रमोहन ने 65, डॉ. एन. यादव ने 142, डॉ. संतोष सिंह ने 259, डॉ. अंकित राज सिंह ने 285 और नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रदीप ने 137 मरीजों की जांच की। कुल करीब 1058 मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाएं वितरित की गईं। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधों का वितरण भी किया गया।


अंग्रेजी सेना का रास्ता रोकने के लिए तोड़ा था पुल
श्रद्धांजलि सभा में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बाबू विश्वनाथ सिंह और वरिष्ठ पत्रकार स्व. वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’ की प्रतिमाओं पर लोगों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने कहा कि आजादी की लड़ाई में सक्रिय भूमिका निभाकर विश्वनाथ सिंह ने क्षेत्र को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का काम किया।


भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह ने कहा कि एक ही गांव की माटी में जन्मी दोनों विभूतियों ने अपने-अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। पूर्व विधायक स्व. विश्वनाथ सिंह के बड़े पुत्र एवं स्व. लल्ला सिंह के बड़े भाई जयप्रकाश सिंह ने कहा कि आजादी की लड़ाई के दौरान उनके पिता के नेतृत्व में दर्जनों लोगों ने मिलकर उस पुल को तोड़ दिया था, जिसके रास्ते अंग्रेजी सेना क्षेत्र में प्रवेश करना चाहती थी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में विश्वनाथ सिंह का योगदान हमेशा स्मरणीय रहेगा।


सभा को प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष अनिल सिंह, विजय बहादुर सिंह, लेखक श्याम सुंदर सिंह, प्रणीत श्रीवास्तव सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। अध्यक्षता मुस्तफाबाद के पूर्व प्रधान ओमप्रकाश सिंह ने और संचालन शिक्षक नेता कमलेश राय ने किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में अलंकार सिंह कौशिक ने प्रस्तुति दी।


कार्यक्रम के मुख्य आयोजक स्व. लल्ला सिंह के पुत्र वर्षम प्रताप सिंह ने आगंतुकों, चिकित्सकों और सहयोगियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि स्व. विश्वनाथ सिंह और स्व. वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’ की स्मृतियों को सामाजिक सरोकारों से जोड़कर आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।


कार्यक्रम में भाजपा गोरखपुर क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, भाजपा नेता अखिलेश उर्फ गुड्डू मिश्र, जिला प्रोवेशन अधिकारी सुबोधकांत सिंह, पत्रकार डॉ. अरविंद सिंह, आलोक सिंह, डॉ. सुभाष सिंह, शमशेर सिंह, जहानागंज ब्लॉक प्रमुख रमेश कनौजिया, सठियांव प्रमुख अरविंद सिंह, संजय राय, आनंद गुप्ता, कांग्रेस नेता प्रवीण सिंह, डॉ. आलोक पांडेय, मीना सिंह, शगुन सिंह, वीरेंद्र सिंह, नीलेश सिंह, अब्दुल्ला, मोहन राव, सौरभ सिंह, राजेंद्र यादव, संजय पांडेय, सपा नेता शैलेन्द्र यादव समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *