पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर शिक्षकों-कर्मचारियों ने निकाली तिरंगा यात्रा

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


नई पेंशन योजना वापस लेने, निजीकरण रोकने और शिक्षकों से टीईटी की अनिवार्यता खत्म करने की मांग
आजमगढ़। पुरानी पेंशन बहाल करने, नई पेंशन योजना एवं अंशदायी पेंशन योजना का विरोध, निजीकरण पर रोक और राष्ट्रीय शिक्षा अधिकार अधिनियम लागू होने से पहले नियुक्त शिक्षकों पर शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग को लेकर शुक्रवार को शिक्षकों, कर्मचारियों और अधिकारियों ने तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा डीएवी इंटर कॉलेज के पास स्थित गांधी प्रतिमा से शुरू होकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची।
तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी और अधिकारी हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। इस दौरान ‘पुरानी पेंशन बहाल करो’, ‘नई पेंशन योजना वापस लो’ और ‘निजीकरण बंद करो’ जैसे नारे लगाए गए। नारों से शहर का वातावरण गूंज उठा।
यात्रा को संबोधित करते हुए अटेवा आजमगढ़ के जिलाध्यक्ष सुभाष चंद यादव ने कहा कि संगठन का संकल्प पुरानी पेंशन की बहाली है। सरकार जब तक पुरानी पेंशन बहाल नहीं करती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। माध्यमिक शिक्षक संघ-एकजुट के जिलाध्यक्ष सुशील कुमार ने कहा कि शिक्षक और कर्मचारी अब एकजुट हो चुके हैं और यही एकता उनके अधिकारों की लड़ाई को मजबूती देगी।
जिला महामंत्री डॉ. रामजी वर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा अधिकार अधिनियम लागू होने से पहले नियुक्त शिक्षकों पर टीईटी की अनिवार्यता लागू करना अन्याय है। इसे तत्काल समाप्त किया जाना चाहिए। उन्होंने नई और अंशदायी पेंशन योजनाओं के नाम पर कर्मचारियों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करने की मांग की।
डीएम को सौंपा प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन
तिरंगा यात्रा जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर समाप्त हुई। यहां संगठन के पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। आंदोलन को टीएससीटी उत्तर प्रदेश, विशिष्ट बीटीसी शिक्षक कल्याण संघ, पीएसपीएसए, उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ-एकजुट, बेसिक शिक्षक कल्याण संघ, उत्तर प्रदेशीय प्रारंभिक शिक्षक समिति, डिप्लोमा फार्मेसिस्ट संघ, राजकीय नर्सेस संघ सहित विभिन्न कर्मचारी एवं शिक्षक संगठनों ने समर्थन दिया।
विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द पुरानी पेंशन बहाल नहीं की गई, निजीकरण पर रोक नहीं लगाई गई और टीईटी की अनिवार्यता समाप्त नहीं की गई तो 25 सितंबर 2026 को लखनऊ में विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
तिरंगा यात्रा में डॉ. बृजेश कुमार, राजनारायन यादव, विद्यासागर पटेल, लालजी यादव, विनीता सिंह, बिंदू यादव, रीना सिंह, सीपी यादव, बैजनाथ कन्नौजिया, राकेश यादव, ओमकार सिंह, घनश्याम यादव, मनोज कुमार मौर्य, आदित्य कुमार, गुलाब चौरसिया, बद्री प्रसाद गुप्ता, विनोद दुबे, नाहिदा अंसारी, संजय कुमार, अवधेश कुमार, सैयद जुल्फिकार अली रिजवी, दीपक कुमार, महेंद्र कुमार ‘मृदुल’ समेत बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी और अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *