बंद मकान के ताले तोड़कर चोरी, चांदी के सामान और जरूरी कागजात ले गए चोर

आजमगढ़ शहर


डीआईजी के चाचा के मकान को बनाया निशाना, डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य


एक सप्ताह से बंद था मकान, सुबह शिक्षक बेटे के पहुंचने पर हुई चोरी की जानकारी
आजमगढ़। मेंहनगर थाना क्षेत्र के बाबू की खजूरी गांव में शुक्रवार को चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। चोर मुख्य गेट और कमरों के ताले तोड़कर घर के अंदर घुसे और अलमारी व बक्सों को खंगालते हुए चांदी के सामान समेत बाइक से संबंधित जरूरी कागजात चोरी कर ले गए। मकान आसाम प्रांत में तैनात डीआईजी अखिलेश कुमार सिंह के चाचा महिपाल सिंह का बताया जा रहा है।
बीमारी के चलते आजमगढ़ में रह रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार महिपाल सिंह पिछले करीब एक सप्ताह से अस्वस्थ चल रहे थे। बीमारी के कारण उनके पुत्र शिक्षक आशुतोष कुमार अपने माता-पिता को आजमगढ़ के सिधारी क्षेत्र में रखकर इलाज करा रहे थे। परिवार के आजमगढ़ में रहने के कारण बाबू की खजूरी स्थित मकान करीब एक सप्ताह से बंद था।
शुक्रवार सुबह आशुतोष सिंह आजमगढ़ से पल्हना विकासखंड क्षेत्र स्थित अपने विद्यालय में पढ़ाने के लिए जा रहे थे। करीब 7:30 बजे जब वह अपने गांव स्थित घर पहुंचे तो मुख्य गेट बाहर से बंद मिला। स्थिति संदिग्ध लगने पर उन्होंने बाउंड्री फांदकर अंदर प्रवेश किया।
घर के अंदर बिखरा मिला सामान
आशुतोष के घर के अंदर पहुंचते ही चोरी की पूरी घटना सामने आ गई। मकान के सभी कमरों के दरवाजों के ताले टूटे हुए थे। अलमारी और बक्सों के भी ताले तोड़े गए थे। घर का सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था।
परिजनों ने सामान की जांच की तो चांदी की प्लेट का सेट, पैजनी और बाइक से संबंधित कागजात गायब मिले। चोरी गए अन्य सामान की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
चोरी की जानकारी मिलते ही आशुतोष सिंह ने डायल-112 पर सूचना दी। इसके बाद थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों को भी घटना की जानकारी दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए दोपहर में डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। दोनों टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और चोरी से जुड़े साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।
एसपी सिटी ने भी किया घटनास्थल का निरीक्षण
शुक्रवार शाम करीब पांच बजे एसपी सिटी भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मकान का निरीक्षण करने के साथ ही पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और चोरी के खुलासे के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
तहरीर देकर चोरी के खुलासे की मांग
मामले में आशुतोष सिंह ने मेंहनगर थाने में तहरीर दी है। उन्होंने पुलिस से चोरी का जल्द खुलासा करने और घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लोगों से पूछताछ करने के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *