नीट पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

आजमगढ़ शहर

पेपर लीक कि निष्पक्ष जांच और छात्र-किसानों से जुड़े मुद्दों पर उठाई आवाज


आजमगढ़। नीट परीक्षा समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रहे कथित पेपर लीक के विरोध में शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) को सौंपा।


ज्ञापन कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (ओबीसी) ओमप्रकाश यादव और सूरज विश्वकर्मा के नेतृत्व में सौंपा गया। कांग्रेस नेताओं ने मांग किया कि नीट लीक मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। उनका कहना था कि लगातार पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और सरकार इस पर प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है।


कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी छात्र-युवाओं के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इस दौरान प्रदेश सचिव (ओबीसी) रामप्यारी यादव, ब्लॉक अध्यक्ष मोहम्मद जतिन अंसारी, प्रवीण गिरी, वंश बहादुर यादव, रामानंद सागर, राकेश गुप्ता सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने प्रमुख मांगें भी रखीं, जिनमें किसानों के बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान, नीट आत्महत्या प्रकरण में पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा, छात्रों पर दर्ज कथित फर्जी मुकदमों की वापसी तथा क्षेत्र में आवारा पशुओं से परेशान किसानों को राहत दिलाने की मांग शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *