
मेहनाजपुर में आयोजित शादी समारोह में युवक की पीट-पीट कर हुई हत्या का मामला
पैर में लगी गोली, मौके से तमंच, कारतूस व बाइक बरामद, अन्य साथियों की तलाश जारी
आजमगढ़। मेंहनाजपुर थाना क्षेत्र के डंडवल गांव में आयोजितत शादी समारोह के दौरान हुए विवाद में मंगलवार की रात एक युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई थी, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस हत्याकांड में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 24 घंटे के अंदर ही मुख्य आरोपी को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की तलाश अभी जारी है। मुठभेड में घायल मुख्य आरोपी के पास से तमंचा, कारतूस व बाइक पुलिस ने बरामद किया है।
बीते मंगलवार की रात मेंहनाजपुर थाना के डंडवल गांव में एक वैवाहिक समारोह आयोजितत था। इसी दौरान लड़की के भाई के दोस्तों का कुछ लोगो से खाना खाने को लेकर विवाद हो गया था। इसी विवाद को लेकर अजीत यादव उर्फ भन्टा और उसके साथियों ने प्रितोष राजभर तथा ओटू राजभर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रितोष राजभर की उपचार के लिए ले जाते समय मौत हो गई थी। इस मामले में बुधवार को मृतक की मां की तहरीर पर मेंहनाजपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक बुधवार की देर रात मेंहनाजपुर थाना पुलिस करसड़ा नहर पुलिया के पास संदिग्ध बाइक सवार को रोनक का प्रयास किया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन उसकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। खुद को घिरा देख बाइक सवार ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजीत यादव उर्फ भन्टा (29) निवासी ग्राम डंडवल, थाना मेंहनाजपुर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक मिस कारतूस, तीन खोखा कारतूस तथा एक बाइक बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपी ने शादी समारोह में हुए विवाद के बाद अपने साथियों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से हमला करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के मामले के अलावा पुलिस पर फायरिंग और आर्म्स एक्ट की धाराओं में भी मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर पहले से मारपीट, एनडीपीएस एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं सहित कुल सात मुकदमे दर्ज हैं। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।
शादी समारोह में पीट-पीट कर युवक की हत्या मामले में मुख्य आरोपी को मेंहनाजपुर थाना पुलिस व एसओजी की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुठभेड में घायल कर गिरफ्तार कर लिया। हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
भूपेश पांडेय, सीओ लालगंज ।