आजमगढ़ में मुलायम सिंह यादव की चौथी पुण्यतिथि पर दी गई श्रद्धांजलि, 27 गरीब छात्राओं को मिली साइकिल

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर खबर लखनऊ राजनीत


नेहरू हाल कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में नेताओं ने नेताजी के व्यक्तित्व और कृतित्व को किया याद, सामाजिक न्याय के विचारों को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प
आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के संस्थापक, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भारत सरकार के पूर्व रक्षा मंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की चौथी पुण्यतिथि पर शनिवार, 10 अक्टूबर 2026 को नेहरू हाल कलेक्ट्रेट, आजमगढ़ में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके व्यक्तित्व, कृतित्व, संघर्षों तथा समाजवादी विचारधारा पर चर्चा की।
कार्यक्रम की शुरुआत बिरहा गायकों की प्रस्तुतियों से हुई। गायकों ने अपने गीतों के माध्यम से मुलायम सिंह यादव के संघर्षपूर्ण जीवन और उनके योगदान को याद किया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने भारतीय राजनीति में अपना विशिष्ट स्थान बनाया। उनके विचारों, आदर्शों और संघर्षों पर चलकर ही देश को खुशहाल और समृद्ध बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज भी नेताजी के विचार प्रासंगिक हैं। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव उनके संघर्षों और विचारों को आगे बढ़ा रहे हैं। पार्टी सामाजिक न्याय के रास्ते पर चलते हुए पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) वर्ग के लोगों को उनका अधिकार दिलाने के लिए संकल्पबद्ध है।
पूर्व मंत्री एवं विधायक दुर्गा प्रसाद यादव ने कहा कि मुलायम सिंह यादव युगपुरुष थे। उन्होंने गरीबों, दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के साथ होने वाले अन्याय और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि नेताजी के प्रयासों से देश में सामाजिक न्याय की ताकतों को मजबूती मिली, जो आज भी अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रही हैं।


एमएलसी शाह आलम गुड्डू जमाली ने कहा कि मुलायम सिंह यादव देश की एकता और अखंडता बनाए रखने के पक्षधर थे। उन्होंने संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण फैसले लिए। वे धर्मनिरपेक्ष और मानवतावादी विचारों वाले नेता थे।
कार्यक्रम में विधायक डॉ. संग्राम यादव, नफीस अहमद, अखिलेश यादव और पूजा सरोज, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, पूर्व मंत्री चंद्रदेव राम यादव करैली तथा जिला महासचिव हरि प्रसाद दुबे सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए।


27 गरीब छात्राओं को वितरित की गईं साइकिलें
कार्यक्रम के दौरान जनपद के समाजसेवी एवं चिकित्सक डॉ. अमित सिंह ने मुलायम सिंह यादव की स्मृति में 27 गरीब छात्राओं को शिक्षा के लिए साइकिलें वितरित कीं। उन्होंने कहा कि नेताजी ने अपने कार्यकाल में छात्राओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए साइकिल वितरण की पहल की थी। उनके विचारों से प्रेरित होकर उन्होंने भी जरूरतमंद छात्राओं को साइकिल देने का संकल्प लिया।
डॉ. अमित सिंह ने कहा कि मुलायम सिंह यादव का मानना था कि जो व्यक्ति गरीबों के दुख-दर्द में शामिल नहीं होता और जिसके भीतर संवेदना नहीं है, वह सच्चा समाजवादी नहीं हो सकता। साइकिलें मिलने पर छात्राओं के चेहरे खिल उठे।


कार्यक्रम में नेहरू हाल के अंदर और बाहर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने की, जबकि संचालन सपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव अजीत कुमार राव ने किया।
इस अवसर पर विधायक डॉ. एचएन सिंह पटेल, पूर्व सांसद नंदकिशोर यादव, पूर्व विधायक अभय नारायण पटेल, पूर्व प्रत्याशी जयराम सिंह पटेल, संतोष कुमार गौतम, पप्पू कुमार यादव, डॉ. हरिराम यादव, सूरज राजभर, जगदीश प्रसाद, शिवसागर यादव और वीरू यादव सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *