मुबारकपुर में दर्दनाक हादसा: ट्रेलर के पहिए के नीचे आई 16 वर्षीय छात्रा, मौके पर मौत

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


चचेरे भाई के साथ स्कूल जा रही थी तहजीब, बाइक चला रहा 15 वर्षीय रेयाज गंभीर रूप से घायल, पुलिस ने ट्रेलर कब्जे में लिया
मोहल्ला कटरा में बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे हुआ हादसा, परिवार में मचा कोहराम

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। मुबारकपुर नगर के मोहल्ला कटरा में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 16 वर्षीय छात्रा की जान चली गई, जबकि बाइक चला रहा उसका 15 वर्षीय चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों भाई-बहन बाइक से स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान सामने ट्रेलर आ जाने से बाइक चालक नियंत्रण खो बैठा और छात्रा ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गई। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, मुबारकपुर नगर के मोहल्ला पुरा रानी निवासी गुलरेज अजीजी की 16 वर्षीय पुत्री तहजीब अपने चचेरे भाई रेयाज (15) पुत्र हुमायूं कबीर के साथ सेंट्रल पब्लिक स्कूल, मुबारकपुर जा रही थी। बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे दोनों मोहल्ला कटरा पहुंचे थे। इसी दौरान सामने ट्रेलर आ जाने से बाइक चला रहा रेयाज नियंत्रण खो बैठा। बाइक अनियंत्रित होने से रेयाज उछलकर दूर जा गिरा, जबकि तहजीब ट्रेलर के पहिए के नीचे दब गई। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर जुटी भीड़, घायल अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा के शव को कब्जे में लिया। वहीं, घायल रेयाज को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुबारकपुर पहुंचाया गया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रेलर को भी कब्जे में ले लिया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक शशि चंद चौधरी ने बताया कि सड़क हादसे में छात्रा की मौत हुई है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया है।
परिवार में छाया मातम
बताया जाता है कि तहजीब दो बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। उसके पिता गुलरेज अजीजी रोजी-रोटी के सिलसिले में विदेश में रहते हैं। स्कूल जाने के दौरान हुए इस दर्दनाक हादसे में बेटी की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे परिवार में मातम छाया हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *