लालगंज तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस, 103 शिकायतों में 19 का मौके पर निस्तारण

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


राजस्व और पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से भूमि विवादों के समाधान के निर्देश, डीएम ने केस-टू-केस समीक्षा पर दिया जोर
आजमगढ़। तहसील लालगंज में सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में हुआ। अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतें सुनते हुए संबंधित विभागों को निष्पक्ष, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के कारण माह के तीसरे शनिवार के स्थान पर सोमवार को सभी तहसीलों में समाधान दिवस आयोजित किया गया।
समाधान दिवस में कुल 103 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 19 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष 84 मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों को महज औपचारिकता न माना जाए। प्रत्येक प्रकरण की केस-टू-केस समीक्षा कर स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। राजस्व से जुड़े मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय से निष्पक्ष जांच करें। जिन मामलों में मौके पर जांच की जरूरत है, उनमें संयुक्त टीम भेजकर कार्रवाई की जाए, ताकि फरियादियों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
समाधान दिवस में दिव्यांग प्रमाण-पत्र, भूमि विवाद, राशन कार्ड, नहर में पानी, विद्युत आपूर्ति समेत विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें सामने आईं। डीएम ने अधिकारियों को गंभीर और तत्काल कार्रवाई वाले मामलों को प्राथमिकता देने तथा शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिए।
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने पुलिस एवं राजस्व अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने को कहा। उन्होंने मेड़बंदी तोड़ने, जबरन कब्जा करने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का प्रारंभिक स्तर पर ही सही समाधान होने से लोगों को बार-बार अधिकारियों के पास नहीं आना पड़ेगा और प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत होगा।
इस दौरान सीएमओ डॉ. एनआर वर्मा, परियोजना निदेशक सच्चिदानंद प्रसाद, डीसी एनआरएलएम डॉ. आराधना त्रिपाठी, एसडीएम लालगंज नेहा मिश्रा, तहसीलदार लालगंज समेत जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *