स्कूल से लौट रहीं छात्राओं के दो गुटों में मारपीट, 12 घायल

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


मालपार गांव के पास कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद; एसडीएम ने एंबुलेंस से सीएचसी भेजवाया, उपचार के बाद मिली छुट्टी

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। मेंहनगर थाना क्षेत्र के मालपार गांव के समीप शुक्रवार दोपहर स्कूल से घर लौट रही छात्राओं के दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर मारपीट हो गई। घटना में करीब 12 छात्राएं घायल हो गईं। सूचना पर पहुंचे परिजन घायल छात्राओं को लेकर तहसील परिसर पहुंचे, जहां एसडीएम अशोक कुमार ने तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कर सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजवाया। उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी को छुट्टी दे दी।


जानकारी के अनुसार, सिंहपुर स्थित एक इंटर कॉलेज में छुट्टी होने के बाद छात्राएं घर लौट रही थीं। इसी दौरान मालपार गांव के पास दोनों गुटों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। इस घटना में शिवांगी, अनुष्का, सुहाना, सुहानी, अंशिका और संजना समेत करीब 12 छात्राएं घायल हो गईं। दूसरे पक्ष की नैना, निर्जला और निखता के भी विवाद में शामिल होने की बात सामने आई है।
एसडीएम ने तत्काल मुहैया कराई एंबुलेंस
मारपीट की जानकारी मिलने पर घायल छात्राओं के परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें लेकर तहसील परिसर पहुंचे। वहां मौजूद एसडीएम अशोक कुमार ने स्थिति को देखते हुए तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कराई और सभी घायल छात्राओं को उपचार के लिए सीएचसी भिजवाया। चिकित्सक जैनेंद्र कुमार के अनुसार, सभी छात्राओं को आवश्यक उपचार और दवाएं देने के बाद छुट्टी दे दी गई।
दोनों पक्षों को थाने बुलाया, जांच में जुटी पुलिस
मेंहनगर थानाध्यक्ष अभिराज सरोज ने बताया कि मामला स्कूली विवाद को लेकर छात्राओं के दो पक्षों के बीच मारपीट का है। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। पुलिस विवाद के कारणों और दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *