
आजमगढ़ के 21 महाविद्यालयों की सहभागिता, जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय बलिया में भी आयोजित होगा बापू बाजार : प्रो. एनके शुक्ल
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय में ‘स्वाभिमान सहित सहायता’ के प्रेरक मंत्र के साथ द्वितीय बापू बाजार-2026 का भव्य आयोजन किया गया। सामाजिक सहयोग और सेवा भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस मेले में जनपद के 21 महाविद्यालयों ने सक्रिय सहभागिता की। इस दौरान कुल 18 हजार रुपये की राशि बापू स्वाभिमान कोष में जमा की गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया के कुलपति प्रो. एनके शुक्ल उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि सहायता प्रदान करते समय व्यक्ति के स्वाभिमान का सम्मान सर्वोपरि होना चाहिए। स्वाभिमान को बनाए रखते हुए की गई सहायता ही वास्तविक अर्थों में सार्थक सेवा है। उन्होंने बापू बाजार की इस पहल को अनुकरणीय बताते हुए घोषणा की कि शीघ्र ही जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया में भी इसी तरह के बापू बाजार का आयोजन किया जाएगा।
21 महाविद्यालयों ने निभाई सहभागिता, प्राचार्य सम्मानित
बापू बाजार को सफल बनाने में योगदान देने वाले सहभागी महाविद्यालयों के प्राचार्यों को सामाजिक सहयोग के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सहभागी संस्थानों में गांधी स्मारक महाविद्यालय, श्री दुर्गा जी स्नातकोत्तर महाविद्यालय चंडेश्वर, विवेकानंद महाविद्यालय और अक्षयवर महिला महाविद्यालय सहित जनपद के कुल 21 महाविद्यालय शामिल रहे।

नुक्कड़ नाटक के जरिए सामाजिक सरोकारों का संदेश
कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित लघु नाटिकाओं का मंचन किया। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना और आत्मनिर्भर भारत जैसे विषयों के माध्यम से इन योजनाओं के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।
वहीं, शहीद अक्षयवर महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से महिला सुरक्षा, न्याय और नारी शक्ति का संदेश दिया। कोलकाता में हुए दुष्कर्म कांड पर आधारित प्रस्तुति के जरिए छात्राओं ने महिलाओं की सुरक्षा और न्याय की आवश्यकता को रेखांकित किया। इसके साथ ही रानी लक्ष्मीबाई के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान को जीवंत रूप में प्रस्तुत कर देशभक्ति और नारी सशक्तीकरण का संदेश दिया। छात्राओं की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया।
दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण, सरस्वती वंदना, विश्वविद्यालय के कुलगीत और स्वागत गीत के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन बापू बाजार के संयोजक डॉ. हसीन खान ने किया, जबकि स्वागत वक्तव्य परीक्षा नियंत्रक आनंद मौर्य ने प्रस्तुत किया।
अध्यक्षीय संबोधन में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने कहा कि बापू बाजार जैसे आयोजन शिक्षा को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने के साथ ही विद्यार्थियों में सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना विकसित करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में कुलसचिव अमृत लाल ने सभी अतिथियों, सहभागी महाविद्यालयों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।