
अखिलेश सरकार में चलता था माफिया व और गुंडाराज,”सूप बोले तो बोले, चलनी बोले जिसमें 72 छेद।”
हिंदी न्यूज़ 24
बरदह, आजमगढ़। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को बरदह क्षेत्र के जिवली गांव पहुंचे। उन्होंने भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय के पैतृक आवास पर पहुंचकर उनकी दिवंगत माता स्व. जमूरत्ता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोक संवेदना व्यक्त की। इसके बाद उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
इस दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए केशव मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव की सरकार के दौरान प्रदेश में माफिया राज और गुंडाराज का माहौल था। कानून व्यवस्था को लेकर अखिलेश यादव द्वारा योगी सरकार पर सवाल उठाए जाने पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “सूप बोले तो बोले, चलनी बोले जिसमें 72 छेद।”
केशव मौर्य ने कहा कि प्रदेश की जनता को यह बताने की जरूरत नहीं है कि सपा सरकार के दौरान प्रदेश की स्थिति कैसी थी। उनके अनुसार उस समय अपराधियों और माफियाओं को संरक्षण मिलता था और वे खुलेआम घूमते थे। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के शासनकाल में माफियाओं को संरक्षण देने के आरोप लगते रहे, उन्हें अब कानून व्यवस्था पर सवाल उठाने से पहले अपने कार्यकाल को देखना चाहिए।
अपराधियों पर कार्रवाई का दावा
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि अपराध करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कानून अपना काम करेगा और कानून व्यवस्था के मामले में सरकार कोई समझौता नहीं कर रही है।
विपक्ष द्वारा कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए जाने पर उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि वे “नौटंकी” कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के लोग जनता को आपस में लड़ाने की कोशिश कर रहे हैं।
आजमगढ़ में सिक्सर लगाने का दावा
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर केशव मौर्य ने आजमगढ़ को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि इस बार जिले में भाजपा के पक्ष में ऐसा परिणाम आएगा कि कमल न खिलने का रिकॉर्ड टूटेगा। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा आजमगढ़ में सीटों का सिक्सर लगाएगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
अखिलेश यादव और राहुल गांधी के राजनीतिक भविष्य से जुड़े सवाल पर केशव मौर्य ने कहा कि उनका भविष्य अंधकार में है। उन्होंने कहा कि 2047 में विकसित भारत बनने के बाद देश की नई पीढ़ी के साथ परिस्थितियां बदलेंगी और उनके अनुसार वर्तमान तथा निकट भविष्य में इन नेताओं की सरकार बनने की कोई संभावना नहीं है।
निषाद-माता प्रसाद की मुलाकात पर बोले—लोकतंत्र में मिलना-जुलना सामान्य
गोंडा में निषाद पार्टी अध्यक्ष संजय निषाद और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय की मुलाकात के सवाल पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भारत लोकतंत्र का देश है। विपक्षी दलों के नेता एक-दूसरे से मिलते-जुलते रहते हैं और हालचाल लेते हैं। ऐसी मुलाकातों को किसी दूसरे अर्थ में नहीं लिया जाना चाहिए।
यूपीआई की अफवाहों पर भी बोले
यूपीआई को लेकर फैल रही कथित अफवाहों पर भी केशव मौर्य ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यूपीआई को लेकर गलत सूचनाएं और अफवाहें फैलाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने इसे गलत बताते हुए लोगों से ऐसी सूचनाओं पर भरोसा नहीं करने की बात कही।