गंभीरपुर थाने के दरोगा संजय सिंह निलंबित, शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही का आरोप

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण आजमगढ़ शहर


प्रार्थना पत्रों का समय से निस्तारण न करने और कार्य सरकार में रुचि नहीं लेने पर एसएसपी ने की कार्रवाई, विभागीय जांच के आदेश
आजमगढ़। कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने गंभीरपुर थाने पर तैनात उप निरीक्षक ना.पु. संजय सिंह को निलंबित कर दिया है। एसएसपी ने यह कार्रवाई 21 अगस्त 2026 को की। निलंबन के साथ ही उनके खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई शुरू करने के आदेश दिए गए हैं।


शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही का आरोप
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गंभीरपुर थाने पर नियुक्ति के दौरान उप निरीक्षक संजय सिंह पर थाना स्तर पर प्राप्त होने वाले प्रार्थना पत्रों का निर्धारित समयावधि में निस्तारण नहीं करने के आरोप प्रथम दृष्टया सामने आए हैं। इसके अलावा पीड़ितों की शिकायतों का निस्तारण नहीं करने, कार्य सरकार में रुचि नहीं लेने तथा अपने पदीय दायित्वों और कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरतने की बात भी सामने आई है।


स्वेच्छाचारिता और अकर्मण्यता के भी आरोप
पुलिस विभाग के अनुसार, उप निरीक्षक के विरुद्ध पदीय दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता, स्वेच्छाचारिता और अकर्मण्यता के गंभीर आरोप प्रथम दृष्टया संज्ञान में आए। इन कृत्यों को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की। निलंबित उप निरीक्षक संजय सिंह का पीएनओ नंबर 942690185 बताया गया है।


अन्य पुलिसकर्मियों को भी चेतावनी
एसएसपी ने जनपद के सभी पुलिसकर्मियों को अपने पदीय दायित्वों का निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि ड्यूटी में लापरवाही, अनुशासनहीनता, स्वेच्छाचारिता अथवा अकर्मण्यता पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।


पुलिस विभाग ने कहा है कि कार्रवाई का उद्देश्य पुलिसकर्मियों में जवाबदेही और कार्यकुशलता बनाए रखना तथा आमजन की शिकायतों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *