
दुकान खाली करने का दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की जांच
आजमगढ़। कस्बा सरायमीर में संपत्ति और दुकान पर कब्जे को लेकर चल रहा विवाद बुधवार को मारपीट तक पहुंच गया। चूड़ीहार उत्तरी निवासी जरीना बानो ने तीन लोगों पर छत से ईंट फेंककर घायल करने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में सरायमीर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
वसीयत के बाद संपत्ति अपने नाम होने का दावा
एफआईआर में जरीना बानो ने बताया कि पुराना थाना कस्बा सरायमीर स्थित संपत्ति उनकी मां किताबुन्निशा ने वसीयत के जरिए उनके नाम की थी। मां की मृत्यु के बाद संपत्ति उनके नाम दर्ज हो गई। इसी संपत्ति को लेकर उनके भाई अंसार अहमद के पुत्र रेहान और उनकी दो बेटियों फातिमा व आयसा से विवाद चल रहा है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि मुकदमा विचाराधीन होने के बावजूद आरोपी पक्ष ने संपत्ति पर कब्जा कर रखा है।
बाथरूम जाते समय छत से फेंकी ईंट
जरीना के अनुसार, बुधवार की सुबह करीब 11 बजे वह अपनी दुकान खोलकर बाथरूम जा रही थीं। तभी रेहान ने छत से ईंट फेंककर उन्हें मार दी। इससे कमर और पैर में चोट आई। आरोप है कि इसके बाद रेहान, फातिमा और आयसा ने छत से गाली-गलौज करते हुए दुकान खाली करने को कहा और ऐसा नहीं करने पर जान से मारकर फेंक देने की धमकी दी। महिला ने पूर्व में भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
सरायमीर पुलिस ने बुधवार को जरीना बानो की तहरीर पर रेहान, फातिमा और आयसा के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 125(ए), 352 और 351(3) में एफआईआर दर्ज की। मामले की विवेचना निरीक्षक/वरिष्ठ निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार को सौंपी गई है।