
चार दोस्तों के साथ गया था नहाने, गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा; इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अजमतगढ़ कस्बे में स्थित गोगा साव-भीखी साव पोखरी में गुरुवार की शाम नहाते समय 13 वर्षीय छात्र की डूबने से मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार अजमतगढ़ कस्बे के गुरु गोविंद नगर निवासी कृपा शंकर यादव का 13 वर्षीय पुत्र अंश यादव जीयनपुर स्थित सेंट जेवियर्स विद्यालय में कक्षा सात का छात्र था। गुरुवार शाम करीब पांच बजे अंश अपने चार दोस्तों के साथ पोखरी में नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
अंश को डूबता देख साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाते हुए परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिवार के लोग और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद अंश को पोखरी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर अजमतगढ़ चौकी प्रभारी विनय यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
बताया गया कि अंश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता कृपा शंकर यादव जीविकोपार्जन के लिए विदेश में नौकरी करते हैं। बेटे की मौत की खबर से मां किरण यादव और बहन उन्नति यादव का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गुरु गोविंद नगर मोहल्ले में भी शोक की लहर दौड़ गई।