पुरानी पेंशन बहाली को लेकर सफाई कर्मियों ने निकाली विशाल तिरंगा यात्रा

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


गांधी तिराहे से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च, अंबेडकर पार्क में माल्यार्पण के बाद जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
आजमगढ़। पुरानी पेंशन योजना की बहाली की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर गुरुवार को आजमगढ़ में सफाई कर्मचारियों ने विशाल तिरंगा यात्रा निकाली। हाथों में तिरंगा लेकर कर्मचारियों ने गांधी तिराहे से कलेक्ट्रेट चौराहे तक पैदल मार्च किया और सरकार से पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग बुलंद की।
तिरंगा यात्रा गांधी तिराहे से शुरू होकर कलेक्ट्रेट चौराहे के समीप स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क पहुंची। यहां संघ के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर यात्रा का समापन किया।
इसके बाद कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन योजना बहाली की एक सूत्रीय मांग को लेकर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। कर्मचारियों ने कहा कि पुरानी पेंशन की बहाली उनके भविष्य की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है।
बड़ी संख्या में कर्मचारी हुए शामिल
यात्रा में ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष सीपी यादव, जिला महामंत्री ओंकार नाथ, मंडल अध्यक्ष प्रमोद कुमार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गुलाब चौरसिया, जिला कोषाध्यक्ष राजेंद्र चौहान, जिला संगठन मंत्री अखिलेश यादव, जिला संप्रेक्षक जिलाजीत राय सहित विभिन्न ब्लॉकों के पदाधिकारी शामिल रहे।
तरवां ब्लॉक अध्यक्ष देवेश यादव, तहबरपुर ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र राम और नंदलाल चौहान समेत बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी यात्रा में शामिल हुए। वहीं अटेवा संघ की ओर से मीडिया प्रभारी नवल किशोर, कोषाध्यक्ष कन्हैया लाल विश्वकर्मा, मनोज मौर्य सहित सभी विकासखंडों के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने भी सहभागिता की।
पुरानी पेंशन बहाली की उठी मांग
तिरंगा यात्रा के दौरान कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने की मांग को प्रमुखता से उठाया। कर्मचारियों का कहना है कि पुरानी पेंशन बहाल होने से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के भविष्य को आर्थिक सुरक्षा मिल सकेगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कर्मचारियों की मौजूदगी से आंदोलन को व्यापक समर्थन मिलने का दावा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *