बरदह में महिला की गला रेतकर हत्या, बच्चों ने सबसे पहले देखी लाश, मचा कोहराम, जाँच में जुटी पुलिस

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


घनी आबादी के बीच घर में दिनदहाड़े वारदात से सनसनी, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड ने जुटाए साक्ष्य
आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के बरदह गांव में बृहस्पतिवार को दिनदहाड़े घर के अंदर 38 वर्षीय महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। अकबरी पत्नी ताहिर का शव घर के भीतर जमीन पर लहूलुहान हालत में मिला। आसपास काफी मात्रा में खून बिखरा था। स्कूल से लौटे दोनों बेटों ने मां की हालत देखी तो शोर मचा दिया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। वारदात से गांव में सनसनी फैल गई।


ग्रामीणों के अनुसार, सुबह अकबरी को आसपास के लोगों ने देखा था। इसके बाद उसके दोनों बेटे अमीर (16) और असद (8) स्कूल चले गए। करीब एक बजे स्कूल से लौटने के बाद दोनों ने घर के बाहर से मां को आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। अंदर पहुंचने पर दोनों ने मां को खून से लथपथ जमीन पर पड़ा देखा। इसके बाद बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
मुंबई में रहता है पति
मृतका का पति ताहिर मुंबई में लूम का काम करता है और वहीं रहकर परिवार का भरण-पोषण करता है। अकबरी के तीन बेटे और एक बेटी है। बेटी सिमरन की शादी खराट गांव में हुई है, जबकि बड़ा बेटा समीर पिता के साथ मुंबई में रहता है। दो छोटे बेटे अमीर और असद बरदह के एक निजी स्कूल में पढ़ते हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही बरदह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश कुमार पांडेय ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वाड और क्राइम ब्रांच ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। हत्या के पीछे की वजह और वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी की तलाश की जा रही है।
बच्चों के सामने मां की हत्या का भयावह मंजर
स्कूल से लौटे अमीर और असद ने जब मां को खून से लथपथ देखा तो उनके होश उड़ गए। दोनों बच्चों के सिर से अचानक मां का साया उठ गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है। वहीं, घनी आबादी के बीच दिनदहाड़े हुई हत्या से ग्रामीणों में भी दहशत है।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की स्थिति और कारण स्पष्ट होगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
— भूपेश पांडेय, सीओ लालगंज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *