
सुरक्षा से लेकर मूलभूत सुविधाओं तक परखी व्यवस्था, समय से कमियां दूर करने के निर्देश
निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित रखरखाव, प्रवेश-निकास और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
आजमगढ़। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने शनिवार को विभिन्न स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पोलिंग पार्टी रवानगी स्थल दुर्गाजी पीजी कॉलेज, चंडेश्वर तथा मतगणना स्थल एफसीआई गोदाम चकवल एवं बेलइसा पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने भवनों की स्थिति, परिसर की सुरक्षा, सड़क की मरम्मत, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, मूलभूत सुविधाओं समेत निर्वाचन से जुड़ी अन्य तैयारियों को परखा। संबंधित विभागों और संस्थानों के जिम्मेदार अधिकारियों से उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रवानगी स्थल पर सुविधाओं की जांच
दुर्गाजी पीजी कॉलेज, चंडेश्वर में पोलिंग पार्टियों की रवानगी के लिए भवन एवं परिसर की उपयुक्तता, उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन को लेकर आवश्यक सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी कर ली जाएं, जिससे मतदान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

मतगणना स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था पर जोर
एफसीआई गोदाम चकवल एवं बेलइसा स्थित मतगणना स्थलों पर निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित रखरखाव के साथ ही उसके आवागमन के दौरान भी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि चिन्हित स्थलों का नियमित निरीक्षण करते रहें। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों और आवश्यकताओं का समय रहते निराकरण कराया जाए, ताकि निर्वाचन के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो।
महत्वपूर्ण स्थलों पर पुख्ता रहे सुरक्षा इंतजाम
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन से जुड़े सभी महत्वपूर्ण स्थलों पर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। परिसर में प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, निगरानी और जरूरत के अनुसार पुलिस बल की तैनाती पहले से सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से समय रहते तैयारियां पूरी करें।
निरीक्षण के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, विद्यालय के प्रधानाचार्य समेत संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।