नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और शादी कर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप, युवक गिरफ्तार

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ ग्रामीण


गुजरात से तलाश के बाद आजमगढ़ पहुंचने पर बरदह पुलिस ने जिवली तिराहे से आरोपी को दबोचा, नाबालिग सकुशल बरामद
आजमगढ़। थाना बरदह पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर घर से ले जाने और शादी कर शारीरिक संबंध बनाने के मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नाबालिग को भी सकुशल बरामद कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी रविवार को जिवली तिराहे के पास से की गई।


पुलिस के अनुसार, 12 जून 2026 को बरदह थाने में एक नाबालिग के घर से बिना बताए चले जाने के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में प्रारंभिक तौर पर बीएनएस की धारा 137(2) और 87 के तहत केस दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान आरोपी का नाम सामने आने पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 61(1) और पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 की बढ़ोतरी की गई।


पुलिस टीम नाबालिग की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी। 26 अगस्त को उपनिरीक्षक शीतला प्रसाद कुशवाहा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुजरात में भी उसकी तलाश की। प्राप्त लोकेशन और अन्य सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने तलाश जारी रखी।


इसी क्रम में 30 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी नाबालिग के साथ जिवली तिराहे के पास मौजूद है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। आरोपी को सुबह करीब 11:55 बजे गिरफ्तार कर लिया गया। नाबालिग को सकुशल बरामद कर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।


गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि कुमार गौतम (19) पुत्र बिन्दलाल, निवासी ग्राम मुचरा, थाना फूलपुर, आजमगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ बरदह थाने में मुकदमा अपराध संख्या 207/2026 के तहत बीएनएस की धारा 87, 137(2), 61(1) और 3/4 पॉक्सो एक्ट में कार्रवाई की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *