
परिजनों को नहीं मिल रही कोई आधिकारिक जानकारी, मोबाइल पर संपर्क भी नहीं हो पा रहा
आजमगढ़। अरुणाचल प्रदेश के दिबांग वैली जिले में भारी बारिश और बाढ़ के बाद सेना का कैंप बह जाने की घटना में आजमगढ़ के हवलदार उपेंद्र यादव के लापता होने की सूचना से परिवार में चिंता का माहौल है। परिजन उनकी सलामती की जानकारी के लिए टकटकी लगाए बैठे हैं। कई दिनों से मोबाइल पर संपर्क का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन फोन नहीं लग रहा है।
सिधारी थाना क्षेत्र के मुहम्मदल्ला गांव निवासी उपेंद्र यादव अरुणाचल प्रदेश में सेना की 5 ग्रेडियन यूनिट में हवलदार के पद पर तैनात हैं। उनके भाई रविंद्र यादव ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर मामले में हस्तक्षेप की गुहार लगाई है।
रविंद्र यादव के अनुसार, 14 अगस्त को दिबांग वैली जिले में भारी बारिश और बाढ़ के कारण पशुपानी आर्मी कैंप के बह जाने की जानकारी मिली थी। हादसे के बाद हवलदार उपेंद्र यादव समेत कई जवानों के लापता होने की बात सामने आई। इसके बाद से परिवार के लोग लगातार उपेंद्र से मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी है।
परिजनों का कहना है कि घटना के बाद से उन्हें उपेंद्र यादव के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिल पाई है। ऐसे में परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। भाई रविंद्र यादव ने जिलाधिकारी से संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर उपेंद्र यादव की तलाश कराने और उनकी स्थिति के संबंध में अधिकृत जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है।