जहरीले सांप ने छह वर्षीय मासूम को डसा, इलाज के दौरान मौत

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ ग्रामीण

घर में खेलते समय जहरीले सांप ने बनाया शिकार, इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम


आजमगढ़। महराजगंज थाना क्षेत्र के लालपुर गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में छह वर्षीय बालक की सर्पदंश से मौत हो गई। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। इकलौते बेटे को खोने के गम में मां समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
घर में खेल रहा था मासूम, अचानक डसा सांप
लालपुर गांव निवासी रविंद्र के छह वर्षीय पुत्र अभय कुमार गुरुवार दोपहर करीब एक बजे घर में खेल रहा था। इसी दौरान एक विषैले सांप ने उसे डस लिया। सांप के काटने के बाद बालक की हालत बिगड़ने लगी। परिजन तत्काल उसे झाड़-फूंक कराने के लिए ले गए। हालत में सुधार नहीं होने पर उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
अस्पताल में चिकित्सकों ने बालक का उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी हालत लगातार गंभीर होती गई। उपचार के दौरान अभय ने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
इकलौते बेटे की मौत से मां बेसुध
अभय की मां सुनीता ने बताया कि वह उनका इकलौता बेटा था। बेटे की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने बालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *