
पुलिस की अलग-अलग मुठभेड़ों में चार बदमाश घायल, तीन तमंचे, XUV-500, जेवरात और 29,230 रुपये बरामद
आजमगढ़। अहरौला और तहबरपुर थाना पुलिस ने गुरुवार तड़के अलग-अलग मुठभेड़ों में अंतर्जनपदीय चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में चारों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से तीन तमंचे, कारतूस, चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, 29,230 रुपये नकद, बिना नंबर की XUV-500, पांच मोबाइल फोन और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं।
दो स्थानों पर हुई मुठभेड़
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अहरौला पुलिस ने सुबह करीब 3:46 बजे पश्चिमपट्टी महलिया के पास चेकिंग के दौरान तहबरपुर की ओर जा रही सफेद रंग की XUV-500 को रोकने का प्रयास किया। वाहन सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दिलकस और साहिल के दाहिने पैर में गोली लगी। दोनों को गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया।
इसी दौरान करीब 4:29 बजे तहबरपुर पुलिस ने चकियादुबे रामपुर सर्विस रोड पर चेकिंग के दौरान दुर्वासा ऋषि आश्रम की ओर से आ रहे बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। यहां भी पुलिस के अनुसार बदमाशों ने फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में वाजिद के दाहिने पैर और फैजान के बाएं पैर में गोली लगी। दोनों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए भेजा गया।
बरेली के रहने वाले हैं चारों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिलकस (21), साहिल (22), वाजिद (23) और फैजान (27) के रूप में हुई है। चारों बरेली जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक दिलकस और साहिल के खिलाफ बरेली व बदायूं में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
सात चोरी की घटनाओं का खुलासा
पुलिस ने पूछताछ और बरामदगी के आधार पर अहरौला क्षेत्र की दो, तहबरपुर की दो, बिलरियागंज की दो तथा अंबेडकरनगर के जैतपुर थाना क्षेत्र की एक चोरी की घटना का खुलासा करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य हाईवे के आसपास वाहन खड़ा करके आसपास के गांवों को निशाना बनाते थे। रात में घरों की छत के रास्ते अंदर घुसकर ताले तोड़ते और सोने-चांदी के जेवरात तथा नकदी चोरी करते थे। चोरी के बाद निर्धारित स्थान पर पहुंचते थे, जहां SUV वाहन चालक उन्हें लेकर फरार हो जाता था।
पूछताछ में आरोपियों ने आजमगढ़ के अलावा गाजीपुर, बलिया और जौनपुर समेत अन्य जनपदों में भी चोरी की घटनाएं करने की बात बताई है।
अहरौला और तहबरपुर में पहले दर्ज थे मुकदमे
अहरौला क्षेत्र के पूराचित्तू (भवरूपुर) में 14/15 अगस्त की रात दो घरों में छत के रास्ते घुसकर बक्से और अलमारी से जेवरात व नकदी चोरी की घटनाओं में मुकदमे दर्ज किए गए थे। इसी तरह तहबरपुर के ओहनी रामेश्वरपुर और रमनीपुर में भी जुलाई में घरों से जेवरात व नकदी चोरी की घटनाएं हुई थीं। इन मामलों के बाद से पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थीं।
अहरौला पुलिस की बरामदगी:
दो तमंचे .315 बोर
दो खोखा और दो जिंदा कारतूस
बिना नंबर की XUV-500
चार पेचकस, कटर और इलेक्ट्रॉनिक तराजू
पांच मोबाइल फोन
चोरी के सोने-चांदी के जेवरात
29,230 रुपये नकद
तहबरपुर पुलिस की बरामदगी:
एक देशी तमंचा व जिंदा कारतूस
तीन खोखा कारतूस
खूनालूदा/सादा मिट्टी, चांस फिंगर प्रिंट, हैंड स्वाब और कॉटन के नमूने समेत अन्य साक्ष्य
चार आरोपी फरार, तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान कुछ बदमाश मौके से फरार हो गए। फरार आरोपियों में दिलशाद, आफताब, सोनू अली और नेसार शामिल हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।
अहरौला और तहबरपुर थानों में आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।