
पिता ने लगाया मानसिक उत्पीड़न और परिवार की प्रतिष्ठा धूमिल करने का आरोप, मुबारकपुर पुलिस ने शुरू की जांच
आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी की कथित तौर पर एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के माध्यम से आपत्तिजनक फोटो तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का मामला सामने आया है। किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कस्बा सराय निवासी किशोरी के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि उनकी नाबालिग बेटी की फोटो को एआई की मदद से तैयार कर आरोपी ने अपने फोटो के साथ जोड़कर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। आरोप है कि चार अगस्त से फेसबुक और इंस्टाग्राम पर फोटो बार-बार पोस्ट कर किशोरी को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है और परिवार की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
तहरीर के अनुसार, आरोपी पूर्व में किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में भी आरोपी रहा है। इस संबंध में मुबारकपुर थाने में पहले से मुकदमा दर्ज है। पिता का आरोप है कि आरोपी को जमानत मिलने के बाद उसने दोबारा इस तरह की हरकत शुरू कर दी।
पिता ने जब आरोपी के पिता से इस संबंध में शिकायत की तो कथित तौर पर उन्हें धमकी दी गई और गाली-गलौज कर भगा दिया गया। तहरीर में परिवार को धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 352, 351(3) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67ए के तहत मुकदमा दर्ज किया है। निरीक्षक अखिलेश कुमार शुक्ला को विवेचना सौंपी गई है।