
देवगांव में पुलिस से मुठभेड़ के बाद आरोपी दबोचा गया, तमंचा-कारतूस और लूटे गए आभूषण बरामद; चोरी के गहने खरीदने वाला सुनार भी गिरफ्तार
आजमगढ़। नौकरी दिलाने का झांसा देकर महिला को अपने साथ ले जाकर उसके कान के आभूषण झपटने वाले शातिर अंतरजनपदीय अपराधी को देवगांव पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस, मोटरसाइकिल, लूटे गए आभूषण और 850 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने लूटे गए आभूषण खरीदने वाले एक सुनार को भी गिरफ्तार किया है।
लालगंज तहसील के सामने से महिला को ले गया था आरोपी
पुलिस के अनुसार, मेहनगर थाना क्षेत्र के जियासड़ गांव निवासी अमित प्रताप सिंह ने 17 अगस्त को देवगांव थाने में तहरीर दी थी। आरोप था कि तीन-चार दिन पहले कुछ लोग उनकी मां को बेटे को नौकरी दिलाने का झांसा देकर लालगंज तहसील के सामने से केराकत तहसील की ओर ले गए। रास्ते में उनके कान के टप्स और सहारा झपटकर छीन लिए गए। मामले में देवगांव थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस को देखते ही भागा, पुलिया के पास हुई मुठभेड़
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में पुलिस रात में गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पल्हना-लहुवां मार्ग पर एक संदिग्ध के मोटरसाइकिल से आने की सूचना मिली। पुलिस ने नसीरपुर की ओर उसे रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगा। पीछा करने पर नसीरपुर पुलिया के पास उसकी मोटरसाइकिल असंतुलित होकर गिर गई। पुलिस का दावा है कि रुकने के लिए कहने पर आरोपी ने टीम पर फायरिंग कर दी। चेतावनी के बाद आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को लालगंज स्थित 100 शैय्या संयुक्त अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वाराणसी और चंदौली में भी दर्ज हैं मुकदमे
घायल आरोपी की पहचान शमीम उर्फ सूरज उर्फ मुमताज उर्फ बब्लू यादव उर्फ समीर अंसारी निवासी जलालीपट्टी, मंडुवाडीह, वाराणसी, हाल निवासी निधौरा, थाना बलुआ, चंदौली के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ आजमगढ़, वाराणसी और चंदौली में चोरी, धोखाधड़ी, विश्वासघात और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।
सुनार के पास से भी बरामद हुआ टप्स
पुलिस के अनुसार आरोपी ने छीने गए आभूषणों में एक जोड़ी टप्स सैदपुर, गाजीपुर निवासी सुनार दिनेश वर्मा को बेच दिए थे। पुलिस ने दिनेश वर्मा को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पीली धातु की एक जोड़ी कान की टप्स बरामद की।
पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर देवगांव थाने में बीएनएस की धाराओं 109(1), 351(3) और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/27 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।