
ससुराल पक्ष पर गाली-गलौज कर लाठी-डंडों से पीटने का आरोप, हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती
आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के गौसपुर गांव की रहने वाली एक महिला ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग पूरी न होने पर मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी तहरीर में गौसपुर निवासीनी दरख्शा ने बताया कि उसकी शादी करीब सात माह पहले जौनपुर जिले के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के भरेठी गांव निवासी अब्दुल्लाह पुत्र कायमुद्दीन के साथ हुई थी।
आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करता था। पीड़िता का आरोप है कि उससे एसी, बेड, सोफा, कूलर और तीन लाख रुपये नकद मायके से लाने की मांग की जाती थी। मांग पूरी नहीं होने पर उसे लगातार परेशान किया गया।
पीड़िता के मुताबिक 14 अगस्त की रात करीब दो बजे पति अब्दुल्लाह, सास नूरजहां, ससुर कायमुद्दीन और ननद रुखसाना ने गाली-गलौज करते हुए उसे लात-घूंसों व लाठी-डंडों से पीटा। मारपीट में उसके शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने उसे फूलपुर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है और अभी हालत गंभीर बानी हुई है। पीड़िता ने ननद पर उसके जेवरात छीनकर ले जाने का भी आरोप लगाया है।
तहरीर के आधार पर अहरौला पुलिस ने 17 अगस्त को मुकदमा दर्ज कर उपनिरीक्षक यश सिंह पटेल को विवेचना सौंपी है। एफआईआर में पति अब्दुल्लाह, सास नूरजहां, ससुर कायमुद्दीन और ननद रुखसाना को आरोपी बनाया गया है।