अध्यापकों के तैनाती की मांग को लेकर छात्रों का धरना, 48 घंटे का अल्टीमेटम

आजमगढ़ शहर

जून से फिजिक्स-केमिस्ट्री के शिक्षक नहीं, नौ साल से गणित के प्रवक्ता का पद खाली; फीस वसूली को लेकर भी छात्रों में आक्रोश
आजमगढ़। अजमतगढ़ ब्लॉक क्षेत्र स्थित स्मिथ इंटर कॉलेज, अजमतगढ़ में अध्यापकों की कमी और फीस वसूली के विरोध में सोमवार को सैकड़ों छात्रों ने कॉलेज के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। सुबह सात बजे से छात्र कॉलेज के बाहर जुट गए और करीब दो घंटे तक जमकर नारेबाजी की। छात्रों ने भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और गणित के अध्यापकों की तत्काल नियुक्ति की मांग की।


पढ़ाई प्रभावित होने का लगाया आरोप
छात्रों का आरोप है कि जून 2026 से विद्यालय में भौतिक विज्ञान और रसायन विज्ञान के अध्यापक नहीं हैं। वहीं करीब नौ वर्षों से गणित का कोई लेक्चरर विद्यालय में नहीं है। इससे इन विषयों की पढ़ाई लगातार प्रभावित हो रही है। छात्रों का कहना है कि विद्यालय में 1100 से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं और अभी भी नामांकन जारी है।


अध्यापक नहीं तो फीस क्यों, छात्रों ने उठाया सवाल
धरना दे रहे छात्रों ने आरोप लगाया कि संबंधित विषयों के अध्यापक नहीं होने के बावजूद इन विषयों के नाम पर प्रति छात्र 50 रुपये फीस वसूली जा रही है। छात्रों ने मांग की कि जब तक अध्यापक नियुक्त नहीं होते, तब तक इस मद में फीस न ली जाए। हालांकि प्रधानाचार्य रामनकुल राव ने फीस वसूली के आरोप से इनकार करते हुए कहा कि छात्रों से केवल सरकारी फीस ली जा रही है।


पुलिस पहुंची, प्रधानाचार्य ने दिया आश्वासन
छात्रों के प्रदर्शन की सूचना पर जीयनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई श्याम जी यादव ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे। इसके बाद प्रधानाचार्य रामनकुल राव ने छात्रों के बीच पहुंचकर आश्वासन दिया कि 48 घंटे के अंदर फिजिक्स, केमिस्ट्री और गणित के अध्यापकों की व्यवस्था कर दी जाएगी।
आश्वासन के बाद छात्रों ने धरना समाप्त कर दिया, लेकिन स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे के भीतर अध्यापक उपलब्ध नहीं कराए गए और पढ़ाई सुचारु नहीं हुई तो वे दोबारा आंदोलन करेंगे।


प्रबंधक के नहीं पहुंचने पर छात्रों में नाराजगी
प्रदर्शन के दौरान विद्यालय के प्रबंधक श्रीकांत गुप्त के मौके पर नहीं पहुंचने से छात्रों में नाराजगी देखी गई। छात्रों ने कहा कि विद्यालय प्रशासन को उनकी पढ़ाई और भविष्य को गंभीरता से लेना चाहिए।
प्रदर्शन में असिका भारती, असिका मौर्या, अन्नू, अर्पिता, सोनाली, सालू, निर्जला, रागिनी, खुशबू, मोनू, विजय, अंकुर, मनीषा, करीना, हिमांशी, स्नेहा और आंचल समेत सैकड़ों छात्र मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *