रात के अंधेरे में पेट्रोल पंप पर दो बार फिल्मी खेल! SUV और स्कॉर्पियो में 7,965 रुपये का तेल भरवाकर फरार

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण आजमगढ़ शहर


कर्मचारी के बाथरूम जाते ही सक्रिय हुए वाहन सवार, बिना भुगतान किए उड़ाया हजारों का फ्यूल, CCTV फुटेज के सहारे पुलिस जांच में जुटी

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। रात के सन्नाटे में पेट्रोल पंप पर दो गाड़ियों से तेल चोरी की ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने कर्मचारियों को हैरान कर दिया। सिधारी थाना क्षेत्र के बैठौली स्थित आरआर फ्यूल प्वाइंट पर पहुंचे SUV और स्कॉर्पियो सवारों पर हजारों रुपये का फ्यूल भरवाकर बिना भुगतान किए फरार होने का आरोप है। दोनों गाड़ियों से कुल 7,965 रुपये का फ्यूल भरवाया गया। पेट्रोल पंप कर्मचारी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गाजीपुर जनपद के मलिकपुरा निवासी प्रवीण कुमार यादव बैठौली स्थित आरआर फ्यूल प्वाइंट पर कार्यरत हैं। पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, 8 नवंबर की रात करीब 2:33 से 2:44 बजे के बीच वह बाथरूम चले गए थे। इसी दौरान UP 50 CX 5999 नंबर की SUV पेट्रोल पंप पर पहुंची। आरोप है कि गाड़ी में करीब 3,465 रुपये का फ्यूल भरवाने के बाद चालक बिना भुगतान किए फरार हो गया।
अभी कर्मचारी कुछ समझ पाते, इससे पहले सुबह करीब 3:38 बजे एक स्कॉर्पियो पेट्रोल पंप पर पहुंच गई। आरोप है कि स्कॉर्पियो सवार ने भी करीब 4,500 रुपये का फ्यूल भरवाया और बिना पैसे दिए गाड़ी लेकर निकल गया। महज कुछ घंटे के भीतर हुई इन दोनों घटनाओं में पेट्रोल पंप को कुल 7,965 रुपये का चूना लगने की बात कही गई है।
वारदात के बाद पेट्रोल पंप कर्मचारी ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की। मामले में सिधारी थाने में 9 नवंबर की रात 11:55 बजे भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मुकदमा अपराध संख्या 0453/2026 दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *