प्रसव के दौरान प्रसूता की मौत से मचा हड़कंप, शारदा हॉस्पिटल में परिजनों का हंगामा

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


परिजनों ने डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन पर लगाया लापरवाही का आरोप, सीएमओ ने रात में ही बंद कराया अस्पताल

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र के बनकटा बाजार गोसाई स्थित शारदा हॉस्पिटल में सोमवार की रात प्रसव के दौरान एक प्रसूता की मौत से हड़कंप मच गया। महिला की मौत के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। उन्होंने डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह परिजनों को शांत कराया। वहीं नवजात बच्चे का उपचार जारी है।
जानकारी के मुताबिक, रौनापार थाना क्षेत्र के बहावनपुर गांव निवासी मनीता पासवान पत्नी मंटू पासवान को प्रसव पीड़ा होने पर बनकटा बाजार गोसाई स्थित शारदा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। सोमवार की रात प्रसव के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रसूता की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई।
महिला की मौत से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। उनका कहना था कि यदि समय रहते उचित उपचार किया गया होता तो महिला की जान बच सकती थी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और मामले की जांच शुरू कर दी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद सोमवार की रात ही संबंधित अस्पताल को बंद करा दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज कराकर नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है। प्रसूता की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं अस्पताल में हुई इस घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *