मिशन शक्ति: पारिवारिक विवाद सुलझाने वाले परिवारों को आजमगढ़ पुलिस ने किया सम्मानित

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण आजमगढ़ शहर


सफल काउंसलिंग के बाद उपहार और प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया हौसला, महिला सुरक्षा और पारिवारिक सौहार्द पर जोर
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत चार दिवसीय अभियान, थानों के मिशन शक्ति केंद्रों पर लिया गया परिजनों से फीडबैक

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस ने पारिवारिक विवादों के सफल निस्तारण में महत्वपूर्ण पहल की। काउंसलिंग के माध्यम से विवाद सुलझाने वाले परिवारों के अभिभावकों और परिजनों को उपहार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान परिजनों से फीडबैक लेकर पारिवारिक संबंधों में आपसी सामंजस्य और सौहार्द बनाए रखने पर जोर दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में संचालित इस अभियान के तहत 16 अक्टूबर को जनपद के सभी थानों में स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों के माध्यम से यह पहल की गई। अभियान का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक यातायात एवं मिशन शक्ति के नोडल अधिकारी पंकज श्रीवास्तव तथा पर्यवेक्षण अधिकारी क्षेत्राधिकारी लालगंज आस्था जायसवाल के नेतृत्व एवं पर्यवेक्षण में किया गया।


पुलिस ने पूर्व में सफल काउंसलिंग के जरिए निस्तारित किए गए पारिवारिक मामलों से जुड़े अभिभावकों और परिजनों को आमंत्रित किया। उनसे विवादों के समाधान के बाद की स्थिति के बारे में जानकारी ली गई और उनके अनुभवों का फीडबैक प्राप्त किया गया। इसके बाद उन्हें उपहार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
पारिवारिक सौहार्द स्थापित करना अभियान का उद्देश्य
आजमगढ़ पुलिस की इस पहल का उद्देश्य पारिवारिक विवादों का प्रभावी समाधान कर परिवारों में आपसी समझ, सामंजस्य और सौहार्द को बढ़ावा देना है। साथ ही महिलाओं को सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने और पारिवारिक समस्याओं के समाधान में काउंसलिंग की भूमिका को मजबूत करना भी अभियान का प्रमुख लक्ष्य है।


पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अभियान के माध्यम से महिलाओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के साथ ही पारिवारिक विवादों का प्रभावी निस्तारण कर सामाजिक सौहार्द बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
आजमगढ़ पुलिस ने महिला सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और पारिवारिक विवादों के समाधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *