

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत भव्य समारोह का आयोजन, नवदंपतियों को उपहार देकर दी गईं शुभकामनाएं
पहले प्रति जोड़ा मिलती थी 51 हजार रुपये की सहायता, अब एक लाख रुपये की व्यवस्था, 11 विकास खंडों और सात नगरीय निकायों के लाभार्थी हुए शामिल
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शुक्रवार को आजमगढ़ के सावित्रीबाई फुले राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। जनपद प्रभारी मंत्री एवं श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर की उपस्थिति में 700 से अधिक जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह संस्कार संपन्न हुए, वहीं मुस्लिम जोड़ों का निकाह भी कराया गया। इस दौरान मंत्री सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवदंपतियों को उपहार देकर आशीर्वाद दिया तथा सुखमय दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में नवविवाहित जोड़ों और उनके परिजनों में उत्साह एवं उल्लास का माहौल रहा। ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों से आए पात्र लाभार्थियों ने सम्मानजनक वातावरण में अपने नए जीवन की शुरुआत की। इससे पहले 12 अक्टूबर को 536 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया था। इस प्रकार शारदीय नवरात्रि के दौरान अब तक लगभग 1,250 जोड़े सामूहिक विवाह योजना के तहत वैवाहिक बंधन में बंध चुके हैं।

जरूरतमंद परिवारों के लिए सहारा है सामूहिक विवाह योजना: अनिल राजभर
जनपद प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने नवदंपतियों को बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए महत्वपूर्ण सहारा है। इसके माध्यम से बेटियों के विवाह को सम्मानजनक ढंग से संपन्न कराने के साथ परिवारों को आर्थिक संबल भी प्रदान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह का आयोजन सामाजिक समरसता, समानता और सहयोग की भावना को मजबूत करने की दिशा में सराहनीय पहल है। ऐसे कार्यक्रम जरूरतमंद परिवारों को सहायता देने के साथ समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता का संदेश भी देते हैं। उन्होंने सभी नवदंपतियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशियों से भरे जीवन की कामना की।
प्रति जोड़ा एक लाख रुपये की सहायता की व्यवस्था
मंत्री अनिल राजभर ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत पहले प्रति जोड़ा 51 हजार रुपये की सहायता की व्यवस्था थी, जिसे बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया गया है। योजना के तहत 64 हजार रुपये कन्या के दांपत्य जीवन और गृहस्थी की स्थापना के लिए उसके खाते में अंतरित किए जाते हैं। इसके अतिरिक्त 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री दी जाती है, जबकि भोजन, पंडाल, फर्नीचर, पेयजल, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था सहित आयोजन की अन्य आवश्यक सुविधाओं पर प्रति जोड़ा 15 हजार रुपये व्यय किए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से पात्र लाभार्थियों को आर्थिक सहायता मिलने के साथ विवाह समारोह को गरिमापूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में मदद मिलती है।

11 विकास खंडों और सात नगरीय निकायों के लाभार्थी शामिल
जिला समाज कल्याण अधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के प्रथम चरण के तहत 16 अक्टूबर को आयोजित समारोह में 700 से अधिक जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। इसके लिए जिले के 11 विकास खंडों और सात नगरीय निकायों से पात्र लाभार्थियों के आवेदन प्राप्त हुए थे।
ग्रामीण क्षेत्रों में पल्हना, तरवां, लालगंज, मेंहनगर, ठेकमा, फूलपुर, पवई, मार्टिनगंज, मिर्जापुर, तहबरपुर और अहरौला विकास खंडों के लाभार्थी शामिल हुए। वहीं नगरीय क्षेत्रों में नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत मार्टिनगंज, मुबारकपुर, निजामाबाद, सरायमीर, माहुल, मेंहनगर और लालगंज से आवेदन प्राप्त हुए थे।
उन्होंने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग देना और समाज में सामाजिक समरसता, समानता तथा सामूहिक सहभागिता की भावना को बढ़ावा देना है।
सामाजिक समरसता और समानता का प्रतीक है योजना: सीडीओ
मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने नवदंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विवाह जीवन का पवित्र बंधन है। पति-पत्नी आपसी प्रेम, विश्वास, समर्पण और सहयोग के साथ पारिवारिक जीवन की शुरुआत करते हैं तथा परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना केवल विवाह संपन्न कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक समरसता, समानता और सामूहिक सहभागिता का भी प्रतीक है। इस योजना से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहयोग मिलता है और बेटियों के विवाह को सम्मानजनक स्वरूप प्रदान किया जाता है। उन्होंने नवदंपतियों से आपसी प्रेम, विश्वास और सम्मान के साथ पारिवारिक एवं सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की अपील की।
लाभार्थियों ने जताया मुख्यमंत्री के प्रति आभार
समारोह के दौरान नवदंपतियों और उनके परिजनों ने सरकार की ओर से उपलब्ध कराई गई आर्थिक सहायता, उपहार सामग्री और आयोजन की सुविधाओं पर प्रसन्नता व्यक्त की। लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए संबल साबित हो रही है। इससे बेटियों के विवाह के अवसर पर परिवारों को आर्थिक मदद मिलती है और विवाह समारोह सम्मानजनक वातावरण में संपन्न हो पाते हैं।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दिया आशीर्वाद
समारोह में जनप्रतिनिधि अरविंद जायसवाल, रानू राजभर, भारतभीम जनार्दन चौहान, मुन्ना राजभर सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी हेमंत सिंह, जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी शांत प्रकाश श्रीवास्तव, जिला युवा कल्याण अधिकारी सुल्तान सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी वर्षा अग्रवाल, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी दीप मिश्रा, सहायक श्रमायुक्त पवन कुमार तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी मौजूद रहे।
सभी ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखी, समृद्ध और मंगलमय दांपत्य जीवन की कामना की।