
सिकरौर सहबरी बाजार में प्रतिमा विसर्जन के दौरान नियमों की उड़ाई जा रही थी धज्जियां, पुलिस की चेतावनी के बाद भी नहीं घटाई आवाज
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। धार्मिक आयोजनों की आड़ में निर्धारित ध्वनि सीमा का उल्लंघन कर तेज आवाज में डीजे बजाने वालों के खिलाफ आजमगढ़ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। सरायमीर थाना क्षेत्र के सिकरौर सहबरी बाजार में लक्ष्मी-गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान मानकों से अधिक आवाज में डीजे बजाना दो संचालकों को भारी पड़ गया। पुलिस ने मौके से दो डीजे वाहनों को साउंड सिस्टम और स्पीकर समेत सीज कर दिया। कार्रवाई से डीजे संचालकों में हड़कंप मच गया।
पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर धार्मिक और सार्वजनिक आयोजनों में ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पुलिस पहले ही डीजे संचालकों के साथ बैठक कर निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन करने की हिदायत दे चुकी थी। बावजूद इसके 9 नवंबर 2026 को सिकरौर सहबरी बाजार में प्रतिमा विसर्जन के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था।
मौके पर शांति व्यवस्था में तैनात उपनिरीक्षक धीरज कुमार ने पुलिस टीम के साथ पहुंचकर डीजे संचालकों को आवाज कम करने का निर्देश दिया, लेकिन पुलिस के निर्देशों की अनदेखी जारी रही। इसके बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए गुलशन राजभर निवासी कुरियावां के वाहन संख्या UP50 P 9857 तथा राम आशीष गुप्ता निवासी खरसहन कलां के वाहन संख्या UP17 T 2335 को साउंड सिस्टम और स्पीकर समेत सीज कर दिया।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण नियमावली-2000 और उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। धार्मिक आयोजनों में भी निर्धारित ध्वनि मानकों का पालन अनिवार्य है। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।