तीन-चार दिन पुराना बताया जा रहा शव, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
हिंदी न्यूज़ 24
बलरामपुर। अतरौलिया थाना क्षेत्र के भगतपुर गांव के सिवान में गुरुवार को कश्मीरिया स्थान के पास पेड़ से रस्सी के सहारे लटकता अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव करीब तीन से चार दिन पुराना बताया जा रहा है। दुर्गंध आने पर बकरी चरा रहे ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर कब्जे में ले लिया। घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास के गांवों के लोगों को बुलाकर शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी।
थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।