
धारा 24 के तहत भूमि की पैमाइश कराने के एवज में शिकायतकर्ता से माँगा था रिश्वत
आजमगढ़। जनपद की लालगंज तहसील में तैनात लेखपाल संतलाल गौतम को एंटी करप्शन टीम ने ₹10 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद तहसील परिसर समेत राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, एंटी करप्शन टीम ने परमानपुर बाजार में जाल बिछाकर लेखपाल संतलाल गौतम को ₹10 हजार की घूस लेते समय रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोप है कि लेखपाल ने धारा 24 के तहत भूमि की पैमाइश कराने के एवज में शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की थी।
बताया गया कि शिकायतकर्ता धर्मेन्द्र शर्मा ने लेखपाल द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत एंटी करप्शन संगठन से की थी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद टीम ने योजना बनाकर कार्रवाई की और आरोपी को रिश्वत की रकम के साथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन टीम आरोपी लेखपाल को अपने साथ ले गई। उसके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है। वहीं एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।