
चोरी के तीन मुकदमों में छह मोबाइल बरामद होने के बाद गैंगस्टर एक्ट में हुई थी कार्रवाई, मुंबई में छिपकर रह रहा था आरोपी
एसएसपी ने पहले 25 हजार और बाद में डीआईजी के आदेश पर इनाम बढ़ाकर किया था 50 हजार रुपये, बिलरियागंज पुलिस की कार्रवाई
हिंदी न्यूज़ 24
बिलरियागंज/आजमगढ़। बिलरियागंज थाना पुलिस ने सोमवार को ₹50 हजार के इनामी गैंगस्टर अभियुक्त रब्बानी को सियरहा अंडरपास से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी संगठित गिरोह बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह पिछले कुछ समय से महाराष्ट्र और मुंबई में छिपा हुआ था। सोमवार को वापस लौटने की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक सोमवार को जैगहा चौराहा और आसपास संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गैंगस्टर अभियुक्त रब्बानी महाराष्ट्र/मुंबई से वापस आया है और एक्सप्रेसवे के नीचे वाले रास्ते से कंधरापुर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सियरहा अंडरपास से कंधरापुर जाने वाली सड़क पर घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन टीम ने आवश्यक बल प्रयोग कर उसे पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी सुबह करीब 6:46 बजे हुई।
पुलिस के अनुसार रब्बानी और उसके साथियों के खिलाफ बिलरियागंज थाने में मोबाइल चोरी से संबंधित मुकदमा संख्या 276/24, 277/24 और 278/24 दर्ज थे। इन मामलों की विवेचना के दौरान आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ छह चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए थे। तीनों मामलों में आरोप पत्र न्यायालय भेजा जा चुका है।
अपराधिक गतिविधियों के आधार पर रब्बानी और उसके साथियों के खिलाफ 26 मई 2026 को गैंग चार्ट का अनुमोदन किया गया। इसके बाद बिलरियागंज थाने में मुकदमा संख्या 143/26 के तहत उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम की धारा 2(b)(1) और 3(1) में मुकदमा दर्ज किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रब्बानी पुत्र फिरोज, निवासी अयूब नगर कस्बा, थाना बिलरियागंज, आजमगढ़, उम्र करीब 31 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ चोरी, चोरी का माल बरामदगी, आबकारी अधिनियम, आयुध अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल सात मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक रब्बानी की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी आजमगढ़ ने 5 सितंबर 2026 को ₹25 हजार का इनाम घोषित किया था। बाद में पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र के आदेश पर 16 सितंबर को इनाम की राशि बढ़ाकर ₹50 हजार कर दी गई।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक अक्षयदीप सिंह, कांस्टेबल अजीत कुमार यादव, सुरेंद्र पाल, मोहन कुमार भारती, अजय कुमार पाठक, सुमित कुमार राव तथा रिजर्व महिला कांस्टेबल हरिप्रिया सिंह और कोमल शामिल रहीं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।