
सिधारी थाना क्षेत्र के जयरामपुर की घटना, पति के परिजनों व मायके पक्ष के रिश्तेदारों पर गंभीर आरोप
आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के जयरामपुर निवासी एक विवाहिता की तहरीर पर पुलिस ने दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में आठ नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, जयरामपुर निवासी किरण कुमारी पत्नी धर्मेंद्र ने सिधारी थाने में दर्ज कराई गई तहरीर में आरोप लगाया है कि 31 जुलाई 2026 की शाम करीब सात बजे उसके देवर जितेंद्र, ससुर श्यामबली तथा मायके पक्ष के कुछ रिश्तेदारों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। पीड़िता का आरोप है कि घटना में उसके चेहरे, नाक और मसूड़ों में चोटें आईं तथा एक दांत भी टूट गया। साथ ही दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किए जाने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक पूनम विश्वकर्मा को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।