
जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के कोडरा गांव की घटना, पुलिस जांच में जुटी, पुलिस का तहरीर मिलने से इनकार, एक पक्ष की तहरीर भी वायरल
आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के कोडरा गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में महिलाएं और पुरुष एक-दूसरे पर लाठी-डंडे, ईंट और अन्य वस्तुओं से हमला करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कोडरा गांव में दो भाइयों के बीच लंबे समय से पैतृक भूमि को लेकर विवाद चला आ रहा है। रविवार की सुबह विवादित जमीन पर टीनशेड रखने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना का वीडियो किसी ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस के अनुसार घटना में किसी भी पक्ष को गंभीर चोट नहीं आई है। मामूली रूप से घायल लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। इधर, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के साथ एक शिकायती पत्र भी प्रसारित हो रहा है। इसमें अनीता साहनी ने आरोप लगाया है कि उनकी पैतृक जमीन का पहले ही बंटवारा हो चुका है और सभी पक्ष अपने-अपने हिस्से में मकान बनाकर रह रहे हैं। इसके बावजूद कुछ लोग उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।
शिकायत के अनुसार, रोहित, मुनीब तथा उनके परिवार की महिलाओं ने कथित रूप से जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपितों ने उन पर और उनके पति पर लाठी-डंडे, ईंट तथा फावड़े से हमला कर दिया। जिससे दोनों घायल हो गए। किसी तरह जान बचाकर वे मौके से निकले। पीड़िता ने लाटघाट चौकी पर शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। वही पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। वायरल हो रहे वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।