
अंजान शहीद बाजार में पैदल जा रही 55 वर्षीय विमला देवी को वाहन ने मारी टक्कर, जिला अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अंजान शहीद बाजार में शनिवार की रात अज्ञात वाहन की टक्कर से 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां रात करीब 10 बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, समुद्रपुर गांव निवासी विमला देवी (55) पुत्री सुमेर राजभर शनिवार की रात करीब आठ बजे घर से जीयनपुर बाजार के लिए निकली थीं। पैदल चलते हुए वह अंजान शहीद बाजार पहुंचीं, जहां एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची जीयनपुर पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मायके में बेटे के साथ रहती थीं विमला देवी
स्थानीय लोगों के मुताबिक, विमला देवी मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं और अपने मायके में रहती थीं। उनका 25 वर्षीय पुत्र नगीना राजभर भी उनके साथ रहता था। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। वहीं, गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
भाई की तहरीर पर पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
मृतका के भाई रमेश ने जीयनपुर कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण कोतवाली पहुंचे। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।