
किसलय सेवा सदन में बुखार और कम प्लेटलेट्स के चलते भर्ती हुई थी माधुरी देवी, दूसरी बोतल चढ़ाते समय हालत बिगड़ने का आरोप
मुंह से झाग निकलने के बाद चिकित्सक ने दूसरे अस्पताल ले जाने को कहा, रास्ते में तोड़ा दम; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के केदलीपुर ठेकमा स्थित किसलय सेवा सदन में रविवार शाम इलाज के दौरान 42 वर्षीय महिला की अचानक हालत बिगड़ गई। परिजन उसे दूसरे अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल के बाहर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची बरदह पुलिस ने किसी तरह स्थिति संभाली और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सिंघड़ा गांव निवासी माधुरी देवी (42) पत्नी विनोद की कई दिनों से तबीयत खराब थी। परिजनों के अनुसार उसे बुखार था और प्लेटलेट्स भी कम हो गई थीं। रविवार को परिजन उपचार के लिए उसे केदलीपुर ठेकमा स्थित किसलय सेवा सदन लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सक डॉ. संदीप मौर्य की देखरेख में उसका उपचार शुरू किया गया।
दूसरी बोतल लगाते ही हालत बिगड़ने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में माधुरी देवी को बोतल चढ़ाई जा रही थी। एक बोतल चढ़ने के बाद दूसरी बोतल लगाए जाने के दौरान अचानक उसकी हालत बिगड़ गई। उसके मुंह से झाग निकलने लगा। इसके बाद चिकित्सक ने महिला को दूसरे अस्पताल ले जाने की बात कही।
परिजनों के मुताबिक, वे माधुरी को ऑटो से दूसरे अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
अस्पताल के बाहर किया हंगामा
महिला की मौत से आक्रोशित परिजन वापस अस्पताल पहुंचे और बाहर हंगामा करने लगे। सूचना मिलते ही बरदह पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। महिला अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गई हैं। घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।