
गले पर मिले निशान, मायके पक्ष ने जताई गला दबाकर हत्या की आशंका, डायल 112 की सूचना पर पुलिस ने रुकवाया अंतिम संस्कार
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के हलुआडीह गांव में बुधवार रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल पक्ष द्वारा पुलिस को सूचना दिए बिना शव के अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान मायके पक्ष की सूचना पर पहुंची पुलिस ने अंतिम संस्कार रुकवाकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला के गले पर निशान मिलने से मायके पक्ष ने गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
मृतका की पहचान तरवां थाना क्षेत्र के किसुनदासपुर गांव निवासी अगस्त त्रिपाठी की 28 वर्षीय बेटी मधु के रूप में हुई है। करीब छह वर्ष पहले मधु की शादी हलुआडीह गांव निवासी माता प्रसाद पांडेय से हुई थी। दंपती के दो छोटे बच्चे हैं।
बताया गया कि माता प्रसाद पांडेय अपनी मां इंद्रावती के साथ सोमवार को पिंडदान के लिए गया गए थे। घर पर मधु अपने दोनों बच्चों और दो ननदों के साथ थी। बुधवार रात अचानक उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
मृतका के परिजनों ने शव के गले पर निशान देखे। इसके बाद मायके पक्ष ने गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए मामले की सूचना पुलिस को देने का प्रयास किया। पत्नी की मौत की जानकारी मिलने पर माता प्रसाद अपनी मां के साथ घर लौटे और शव के अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी।
इसकी जानकारी मायके पक्ष को हुई तो मधु के भाई जुगनू त्रिपाठी ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अंतिम संस्कार रुकवाकर शव को कब्जे में ले लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही विवाहिता की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।