भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वाले बर्खास्त सिपाही सुनील शुक्ला सम्मानित

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


प्रयास सामाजिक संगठन ने प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र देकर किया सम्मान, जनहित में संघर्ष जारी रखने का लिया संकल्प

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वाले बर्खास्त सिपाही सुनील शुक्ला को गैर राजनीतिक सामाजिक संगठन प्रयास की ओर से सम्मानित किया गया। सिविल लाइन स्थित संगठन के कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्र प्रदान किया गया।
सम्मान मिलने के बाद सुनील शुक्ला ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को और मजबूती से निभाने की प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद सत्य और जनहित के पक्ष में आवाज उठाने का उनका प्रयास जारी रहेगा। समाज के लोगों का सहयोग और सम्मान उनके संघर्ष को नई ऊर्जा प्रदान करता है।
जनहित और सामाजिक न्याय के लिए संगठन रहेगा सक्रिय
प्रयास सामाजिक संगठन के आजमगढ़ मंडल अध्यक्ष राणा बलवीर सिंह ने कहा कि संगठन जनहित और सामाजिक न्याय के लिए आवाज उठाने वाले लोगों के साथ खड़ा रहेगा। सकारात्मक बदलाव के लिए जागरूक नागरिकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। संगठन जरूरतमंदों की सहायता के साथ-साथ सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता और जनभागीदारी बढ़ाने का काम कर रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए केंद्रीय अध्यक्ष रणजीत सिंह ने कहा कि सुनील शुक्ला का सम्मान विपरीत परिस्थितियों में अपने सिद्धांतों के साथ खड़े रहने वाले लोगों के लिए प्रेरणा है। समाजहित में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को संगठन की ओर से लगातार सम्मानित किया जाता रहेगा।
कार्यक्रम का संचालन आदित्य आजमी ने किया। इस अवसर पर सचिव इंजी. सुनील यादव, सीएल यादव, शिव प्रसाद पाठक, राजीव शर्मा, अंगद साहनी, डॉ. वीरेंद्र पाठक, संजीव राय, इंजी. अमित यादव और हरिश्चन्द्र सहित संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *