
एचपीवी टीकाकरण में लक्ष्य से अधिक उपलब्धि पर जताया संतोष, टीबी मरीजों को पोषण सहयोग बढ़ाने और मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाने पर दिया जोर
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने सर्किट हाउस में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा के साथ बैठक कर जनपद में संचालित प्रमुख स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने एचपीवी टीकाकरण, टेली-मानस, राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम, निक्षय मित्र अभियान और टेली-कंसल्टेशन सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आलेन्द कुमार और डॉ. अविनाश झा भी उपस्थित रहे।
एचपीवी टीकाकरण में लक्ष्य से अधिक उपलब्धि
समीक्षा बैठक के दौरान एचपीवी टीकाकरण अभियान में निर्धारित लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल होने पर केंद्रीय राज्यमंत्री ने संतोष व्यक्त किया। जनपद में 17 सितंबर तक कुल 59,829 टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके सापेक्ष 59,841 टीके लगाए गए। इसके बाद 541 अतिरिक्त टीकाकरण भी किए गए। मंत्री ने अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों में भी इसी तरह लक्ष्य आधारित कार्ययोजना तैयार करने, नियमित निगरानी रखने और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
युवाओं और विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान
अनुप्रिया पटेल ने टेली-मानस कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने युवाओं और स्कूली बच्चों में मानसिक तनाव, अवसाद तथा नशे की बढ़ती प्रवृत्ति की रोकथाम के लिए विद्यालयों और महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही जरूरतमंदों के लिए काउंसिलिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान कर प्रभावित लोगों को उचित परामर्श और सहायता उपलब्ध कराने पर बल दिया।
टीबी मरीजों को नियमित पोषण सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश
राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान मंत्री ने मलिन बस्तियों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में टीबी की सघन जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को उपचार के साथ पर्याप्त पोषण सहयोग भी उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए टीबी मरीजों तक पोषण पोटली की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने और इसकी पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया, ताकि मरीजों के पोषण स्तर में सुधार हो और उपचार बीच में छोड़ने की आशंका कम हो।
निक्षय मित्र अभियान से युवाओं और सामाजिक संगठनों को जोड़ने पर जोर
मंत्री ने निक्षय मित्र अभियान का विस्तार करने के लिए युवाओं, एनसीसी कैडेट्स, स्वयंसेवी संगठनों, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन तथा टीबी से स्वस्थ हो चुके लोगों की सहभागिता बढ़ाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से टीबी मरीजों को पोषण, जांच और उपचार संबंधी सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
टेली-कंसल्टेशन सेवाओं को सक्रिय बनाने के निर्देश
बैठक में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर टेली-कंसल्टेशन सेवाओं की स्थिति की भी समीक्षा की गई। केंद्रीय राज्यमंत्री ने कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स के माध्यम से मरीजों को जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श उपलब्ध कराने की व्यवस्था को सक्रिय एवं प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध सेवाओं की नियमित निगरानी करने तथा आमजन को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने के निर्देश
केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में संचालित स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति बनाए रखते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार किया जाए और सभी पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।