
आजमगढ़। सगड़ी तहसील क्षेत्र की जर्जर सड़क को लेकर एमएलसी शाह आलम ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद में नियम-110 के अंतर्गत सूचना प्रस्तुत की है। उन्होंने जीयनपुर–मुबारकपुर मुख्य मार्ग से कोटवा बेरमा, घौरहरा, खतिरपुर होते हुए पकवा इनार, चुनहवा मोड़ स्थित शंकर जी मंदिर तक लगभग 6 किलोमीटर सड़क एवं नाली निर्माण की मांग की है।
एमएलसी शाह आलम ने कहा कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे क्षेत्रीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय लोगों की लगातार शिकायतों के बावजूद अब तक सड़क के निर्माण या मरम्मत के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि जनहित को देखते हुए उक्त सड़क और नाली निर्माण का कार्य शीघ्र कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।