श्याम भजनों से गूंज उठा अग्रसेन महिला महाविद्यालय, देर रात तक झूमते रहे श्रद्धालु

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


श्री कृष्ण जी श्याम भक्त मंडल के श्री श्याम अमृत महोत्सव में सजा बाबा का भव्य दरबार, कटिहार के आदर्श दधीच के भजनों पर भाव-विभोर हुए श्याम प्रेमी

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। नगर स्थित श्री अग्रसेन महिला महाविद्यालय का प्रांगण रविवार की रात श्याम भक्ति के रंग में सराबोर हो गया। श्री कृष्ण जी श्याम भक्त मंडल, आजमगढ़ की ओर से आयोजित ‘श्री श्याम अमृत महोत्सव एवं विशाल भजन संध्या’ में देर रात तक भजनों की गूंज सुनाई देती रही। बाबा श्याम का अलौकिक और मनमोहक दरबार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। दर्शन और भजन संध्या में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।


कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा के भव्य श्रृंगार के समक्ष मुख्य यजमान आशीष गोयल ने सपरिवार अखंड ज्योत प्रज्वलित कर किया। इसके बाद मंडल के सदस्य हिमांशु अग्रवाल, मानस अग्रवाल और अक्षत अग्रवाल ने पंचदेव वंदना प्रस्तुत की। गणेश वंदना के साथ कीर्तन का शुभारंभ हुआ। हिमांशु, अक्षत और मानस की तिकड़ी ने श्याम बाबा के चरणों में भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इसके बाद स्थानीय भजन गायकों अंश गोयल, अमन अग्रवाल, आकाश अग्रवाल तथा दीपक अकुड़िया और ओम प्रकाश अग्रवाल ‘लड्डू जी’ की जोड़ी ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों के दौरान श्रद्धालु तालियां बजाते और जयकारे लगाते नजर आए।


आदर्श दधीच के भजनों पर झूम उठा पंडाल
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कटिहार से पधारे प्रसिद्ध भजन प्रवाहक आदर्श दधीच रहे। उनके मंच संभालते ही पूरा पंडाल ‘जय श्री श्याम’ के जयकारों से गूंज उठा। उन्होंने श्याम बाबा के प्रसिद्ध भजनों की प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को देर रात तक बांधे रखा।
उनकी भजन प्रस्तुति के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमने लगे। विशेषकर महिलाओं और युवाओं में भक्ति का उत्साह देखते ही बन रहा था। कार्यक्रम में भीड़ का आलम यह रहा कि सभागार खचाखच भर गया और सैकड़ों श्रद्धालुओं को परिसर के बाहर खड़े होकर ही भजन संध्या का आनंद लेना पड़ा।


महाआरती के बाद बांटा गया छप्पन भोग का प्रसाद
भजन संध्या के समापन के बाद बाबा श्याम की महाआरती उतारी गई। इसके बाद श्रद्धालुओं में छप्पन भोग का प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम के उपरांत आयोजित भंडारे में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर महाप्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मंडल के सदस्य आदर्श अग्रवाल, मोहित, शिवांश, सूरज, दीपांशु, देव, अक्षत, मानस, हिमांशु, अंश, आकाश, आलेख, अमन, अनमोल, संचित, ओम, राजकुमार अग्रवाल और आयुष अग्रवाल सहित समस्त कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *