
मैगना बाजार से सामान लेकर घर लौटते समय हुआ हादसा, दो निजी अस्पतालों में चला उपचार
बलरामपुर। पवई थाना क्षेत्र के महुआ गांव निवासी 26 वर्षीय युवक की नीलगाय से टकराने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा 11 अगस्त की शाम मैगना बाजार-बिस्कुट फैन्ही के पास हुआ। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
महुआ गांव निवासी विकास कुमार (26) पुत्र लालता प्रसाद मंगलवार की शाम करीब 7:30 बजे मैगना बाजार से सामान लेकर स्कूटी से घर लौट रहा था। बताया गया कि वह मैगना बाजार-बिस्कुट फैन्ही के पास पहुंचा ही था कि अचानक सड़क पर नीलगाय आ गई। इससे स्कूटी की नीलगाय से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में विकाश गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और परिजनों की मदद से घायल युवक को उपचार के लिए शाहगंज स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन विकाश को लक्षरामपुर स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां उसका उपचार चल रहा था, लेकिन बृहस्पतिवार की भोर करीब 3:30 बजे उसकी हालत बिगड़ गई और इलाज के दौरान मौत हो गई।
विकास मैगना बाजार में कॉस्मेटिक की दुकान चलाता था। वह दो भाइयों और दो बहनों में तीसरे नंबर पर था। युवक की मौत से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की खबर से गांव में भी मातम पसरा हुआ है।