
मेहनगर के हटवा गांव की घटना, तीन किन्नरों के सिर में लगे टांके, डीएम-एसएसपी से लगाई गुहार
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। मेहनगर थाना क्षेत्र के हटवा गांव में बधाई मांगने गईं किन्नरों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पल्हना ब्लॉक व ग्रामसभा निवासी रूबी किन्नर समेत आठ किन्नरों ने जिलाधिकारी और एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। पीड़ितों का आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है और जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, 14 सितंबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे रूबी किन्नर, मैना किन्नर, मिष्ठी किन्नर, बहोगी किन्नर, पिंक्की किन्नर, मोना किन्नर, मोनिका किन्नर और निशा किन्नर बधाई मांगने के लिए हटवा गांव पहुंची थीं। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद संगीता किन्नर के पति संतोष राजभर, सोनी किन्नर के पति आर्यन कुमार और उनके कुछ साथियों व बाहरी युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इसी दौरान नेहा किन्नर ने एक बाहरी युवक के साथ मिलकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में मैना किन्नर, मिष्ठी किन्नर और बहोगी किन्नर को चोटें आईं। आरोप है कि तीनों के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण टांके भी लगाए गए।
थाने पर सुनवाई न होने का आरोप
किन्नरों का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने मेहनगर थाने में शिकायत की, लेकिन मामले में अपेक्षित सुनवाई नहीं हुई। प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि करीब एक वर्ष पहले 20 दिसंबर 2025 को मऊ जनपद में भी संगीता किन्नर के ग्रुप से जुड़े लोगों ने उनके साथ मारपीट की थी। पीड़ित पक्ष ने इसी पुरानी रंजिश को वर्तमान विवाद की वजह बताया है।
रूबी किन्नर समेत आठों किन्नरों ने जिलाधिकारी और एसएसपी से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने अपनी और अपने साथियों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की गुहार लगाई है। प्रार्थना पत्र में आशंका जताई गई है कि भविष्य में रूबी किन्नर या उनके किसी साथी पर जानलेवा हमला होता है तो इसके लिए नामजद विपक्षी जिम्मेदार होंगे।