
चिल्लूपुर मोड़ के पास हादसे में तीन युवक गंभीर घायल, दो हायर सेंटर रेफर
आजमगढ़। मेहनाजपुर थाना क्षेत्र में मेहनाजपुर-देवगांव मार्ग पर मंगलवार देर शाम चिल्लूपुर मोड़ के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार मेहनाजपुर क्षेत्र के केबरवा चकिया कसरावल गांव निवासी चंदन यादव (26) पुत्र रामाश्रय यादव बाइक से लालगंज से दवा लेकर घर लौट रहे थे। चिल्लूपुर मोड़ के पास उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। दूसरी बाइक पर हैबतपुर दंडवल गांव निवासी विशाल प्रजापति (18) पुत्र ओमप्रकाश प्रजापति और सुदामा (22) पुत्र दीपचंद सवार थे।
टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस ने घायलों को मेहनाजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
परिजन चंदन यादव को उपचार के लिए पीजीआई चक्रपानपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चंदन चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थे। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना पर थाना प्रभारी अखिलेश सिंह, उपनिरीक्षक विक्रांत मिश्रा, उपनिरीक्षक दीपक राय और उपनिरीक्षक प्रशांत पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।